आस्था का महाकुंभ: जयकारों के साथ हुआ झंडे जी का आरोहण

श्रीदरबार साहिब में बीते कुछ दिनों से संगतों से रंगत बढ़ी है। लेकिन, शनिवार को यहां आस्था का सैलाब देखने को मिला। जयकारों के बीच श्रीझंडेजी का हजारों श्रद्धालुओं ने आरोहण किया। इसी के साथ श्रीझंडेजी मेले का शुभारंभ हो गया।

श्रीझंडेजी के आरोहण में देश के कोने-कोने से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने श्रीझंडेजी के स्पर्श व दर्शन किए। इस अवसर पर श्रीमहंत देवेंद्र दास ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया तो श्रीगुरु रामराय महाराज और श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज के जयकारे द्रोणनगरी में गूंजने लगे। आरोहण के उपलक्ष्य में शहर में दिनभर लंगर चलते रहे। सुबह से शाम तक श्रीझंडाजी साहिब के समक्ष मत्था टेकने के लिए श्रद्धालु आतुर रहे।

शनिवार को राजधानी दिन श्रीगुरुराम राय महाराज की भक्ति में लीन रही। श्रीदरबार साहिब में सुबह करीब आठ बजे से ही झंडे जी को उतारने की प्रकिया शुरू कर दी गई। श्रद्धालुओं ने श्रीझंडेजी को उतारकर पूजा-अर्चना की और श्रीझंडेजी को दूध, घी, गंगाजल और दही से स्नान कराया। 90 फीट ऊंचे श्रीझंडेजी पर दोपहर में पहले सादा गिलाफ फिर 21 शनील के गिलाफ चढ़ाए गए। इस बार पंजाब के होशियारपुर निवासी हरभजन सिंह ने दर्शनी गिलाफ चढ़ाया।

दर्शनी गिलाफ चढ़ाने के दौरान श्रद्धालु गिलाफ के स्पर्श के लिए उत्सुक रहे। गिलाफ चढ़ाने के बाद श्रीझंडेजी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। शाम 4:10 बजे श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज के संदेश के साथ श्रीझंडेजी के आरोहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। इसके बाद 4:25 बजे मखमली वस्त्र और सुनहरे गोटों से सजे श्रीझंडेजी का आरोहण किया गया। आरोहण होते ही उत्साहित श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाते हुए ढोल-नगाड़ों की धुन पर नृत्य किया।

बाज ने की श्रीझंडेजी की परिक्रमा
श्रीझंडेजी के आरोहण होने के बाद हर बार की तरह इस बार भी एक बाज ने श्रीझंडेजी की परिक्रमा की। बताया जाता है कि यह बाज हर साल आरोहण के बाद श्रीझंडेजी की परिक्रमा करता है। इस बाज की परिक्रमा को श्रीगुरुराम राय महाराज की सूक्ष्म उपस्थिति के रूप में हर साल दर्ज किया जाता है।

आपसी भाईचारे और प्रेम का संदेश देता है झंडा मेला : श्रीमहंत
श्रीदरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने कहा कि श्रीझंडेजी महोत्सव मेला प्रेम, सद्भावना और आपसी भाईचारे का संदेश देने वाला मेला है। श्रीझंडेजी पर शीश नवाने से सभी की मन्नतें पूरी होती हैं।

एलईडी स्क्रीन पर देखा प्रसारण
काफी भीड़ के चलते कई श्रद्धालुओं ने श्रीदरबार साहिब में लगी पांच एलईडी स्क्रीनों पर लाइव प्रसारण देखा। इस दौरान श्रद्धालु हाथों को जोड़कर अपनी मन्नत मांगते रहे।

पवित्र सरोवर में लगाई आस्था की डुबकी
श्रीझंडेजी के आरोहण में पहुंचे श्रद्धालुओं ने श्रीदरबार साहिब के पवित्र सरोवर में आस्था की डुबकी लगाई। सुबह से शाम तक हजारों की संख्या में देशभर के श्रद्धालु सरोवर में डुबकी लगाते रहे। वे डुबकी लगाने के बाद श्रीझंडेजी के दर्शन करने पहुंचते रहे।

श्रीगुरुराम राय महाराज के जयकारों से गूंजी द्रोणनगरी
श्री झंडे जी के आरोहण को लेकर शनिवार को पूरे दिन द्रोणनगरी दून श्रीगुरुरामराय महाराज के जयकारों से गूंजती रही। इस दौरान ‘खुशियां नाल मनाइये जन्मदिन सद्गुरु दा…’, ‘देखो देखो गुरां दा देखो झंडा चढ़्या…’ आदि गुरुभक्ति के गीत गूंजते रहे।

आठ घंटे 25 मिनट हाथों में ही रहे श्रीझंडेजीशनिवार को सुबह से शुरु हुई श्रीझंडेजी के आरोहण की प्रक्रिया आठ घंटे 25 मिनट में पूरी हुई। सुबह आठ बजे पूजा अर्चना के बाद श्रीझंडे जी के आरोहण की प्रक्रिया शुरू की गई। इस बीच श्रीझंडेजी श्रद्धालुओं के हाथों में ही रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published.