
गुजरात की राजनीति में नया इतिहास रचते हुए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की अगुवाई वाली भाजपा सरकार ने शुक्रवार को अपने मंत्रिमंडल का बड़ा विस्तार किया, जिसमें सूरत के माजुरा विधानसभा क्षेत्र से तीन बार के विधायक हर्ष सांघवी को उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई । हर्ष सांघवी, जो पहले गृह मंत्री के रूप में काम कर चुके हैं, अब राज्य के छठे डिप्टी सीएम बने हैं । उन्होंने महात्मा मंदिर, गांधीनगर में राज्यपाल आचार्य देवव्रत के समक्ष मंत्री पद की शपथ ली, जबकि मंच पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा भी मौजूद रहे ।
भाजपा द्वारा किया गया यह फेरबदल रणनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है, क्योंकि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन ने युवा, जातीय संतुलन और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने की दिशा में संकेत दिया है । नई 26 सदस्यीय मंत्रिपरिषद में 19 नए चेहरों को जगह दी गई है, जबकि छह पुराने मंत्रियों—रुशिकेश पटेल, कनुभाई देसाई, कुंवरजी बावलिया, पुरशोत्तम सोलंकी, हरष सांघवी और प्रफुल पंसेरिया—को बरकरार रखा गया है । इनमें सबसे चर्चित नाम क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा जडेजा का है, जिन्हें राज्य मंत्री बनाया गया है ।
गांधीनगर के शपथ समारोह में मंच पर मौजूद नेताओं ने इस फेरबदल को “संघटनात्मक पुनर्संरचना” बताते हुए इसे गुजरात के लिए विकास यात्रा का नया अध्याय कहा। यह साफ है कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की इस टीम में युवा नेतृत्व, संगठनात्मक अनुशासन और जातीय विविधता का मिलाजुला रूप है, जो भाजपा की दीर्घकालिक रणनीति को प्रकट करता है ।



