बिहार के इन चार लोकसभा क्षेत्र में चुनावी अभियान शुरू करेगें-उपेंद्र कुशवाहा

श्रीकृष्ण जन्मशती समारोह की तैयारियों में जुटी राष्ट्रीय लोक जनता दल अगले महीने से चार लोकसभा क्षेत्रों में अपनी चुनावी अभियान शुरू करेगा। पार्टी ने पांच फरवरी से संबंधित लोकसभा क्षेत्रों में रैली आयोजित करने की घोषणा की है।

इन चार लोकसभा क्षेत्र में कुशवाहा की पार्टी दिखाएगी दम
रालोजद की घोषणा के बाद यह कयास लगाए जा रहे हैं कि इन क्षेत्रों से पार्टी अपने उम्मीदवार उतार सकती है। रालोजद कि प्रदेश महासचिव व प्रवक्ता राम पुकार सिन्हा ने बुधवार को बताया कि पांच फरवरी को सीतामढ़ी लोकसभा क्षेत्र में पार्टी की ओर से पहली महारैली आयोजित की जाएगी।

इसके बाद 16 फरवरी को सुपौल लोक सभा क्षेत्र में, 17 फरवरी को झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र में जबकि 18 फरवरी को जहानाबाद लोकसभा क्षेत्र में पार्टी विशाल महारैली का आयोजन करेगी|

रैली के मुख्य अतिथि रालोजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेन्द्र कुशवाहा होंगे| इनके साथ, बिहार के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा समेत राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के नेतागण शामिल रहेंगे।

पाला बदलने में उपेंद्र कुशवाहा भी माहिर
बता दें कि उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) ने फरवरी महीने में नई पार्टी RLJD बनाने की घोषणा कर दी थी। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा था कि वे आज से नई शुरुआत करने जा रहे हैं। बता दें कि नीतीश कुमार ने उपेंद्र कुशवाहा को संसदीय दल का अध्यक्ष बनाया था।

उपेंद्र कुशवाहा पहले एनडीए में ही थे। उन्हें मोदी सरकार में मंत्री भी बनाया गया था। पहले उनकी पार्टी का नाम राष्ट्रीय लोक समता पार्टी था। लेकिन नीतीश से बगावत के बाद उन्होंने पार्टी का नाम बदल दिया।