देशबड़ी खबर

ट्विशा शर्मा केस : एम्स भोपाल में दूसरी बार किया जा रहा शव का पोस्टमार्टम, सुरक्षा कड़ी

भोपाल। ट्विशा शर्मा मौत मामले में कड़ी सुरक्षा के बीच रविवार को एम्स भोपाल में एम्स दिल्ली की एक उच्च-स्तरीय फोरेंसिक टीम की ओर से शव का दूसरी बार पोस्टमार्टम किया जा रहा है।

फोरेंसिक मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता के नेतृत्व में एम्स दिल्ली की एक उच्च-स्तरीय टीम शनिवार शाम को मध्य प्रदेश सरकार की ओर से विशेष रूप से उपलब्ध कराए गए, एक विमान से भोपाल पहुंची थी।

मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेश के बाद एम्स दिल्ली के निदेशक की देखरेख में गठित चार-सदस्यीय मेडिकल बोर्ड, शव की फिर से पोस्टमार्टम कर रहा है। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जा रही है।

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में अपने ससुराल में फंदे से लटकी हुई मिली थी। लगभग पांच महीने पहले उनकी शादी वकील समर्थ सिंह से हुई थी। ट्विशा के परिजनों ने पति और सास पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि ट्विशा को दहेज के लिए गंभीर रूप से प्रताड़ित किया गया। ट्विशा के परिजनों ने शव का दूसरी बार पोस्टमार्टम करने की मांग की थी।

फरार चल रहे ट्विशा के पति समर्थ सिंह ने हाल ही में आत्मसमर्पण किया है। समर्थ को सात दिनों के लिए पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। समर्थ की मां गिरिबाला सिंह की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

इस मामले का सर्वोच्च न्यायालय ने स्वतः संज्ञान लिया है और इसे ‘ससुराल में हुई अप्राकृतिक मौतों के मामलों में कथित संस्थागत पक्षपात और प्रक्रियागत विसंगतियों’ से संबंधित शीर्षक के तहत दर्ज किया है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली एक बेंच 25 मई को मामले की सुनवाई करेगी।

जानकारों का कहना है कि दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट यह तय करने में अहम होगी कि ट्विशा की मौत आत्महत्या थी या हत्या। मध्य प्रदेश सरकार ने पूरे सहयोग का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पहले ही कहा था कि एक निष्पक्ष जांच के जरिए सच सामने आएगा।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button