जयंत चौधरी का सपा पर हमला, बोले- PDA नहीं पीड़ा है

लखनऊ में आयोजित रालोद के कार्यक्रम में जयंत चौधरी ने समाजवादी पार्टी की राजनीति पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग हर मुद्दे को राजनीतिक चश्मे से देखते हैं और विवादों के जरिए राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करते हैं।
जयंत चौधरी ने सपा के PDA को लेकर तंज कसते हुए कहा कि यह ‘पीडीए’ नहीं बल्कि ‘पीड़ा’ है। उन्होंने जाति आधारित राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि समाज को जाति के अखाड़े में नहीं बदला जाना चाहिए।
उन्होंने अपने दादा और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की विचारधारा का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने सभी वर्गों का सम्मान करना सिखाया। चौधरी चरण सिंह जातिवाद की राजनीति के बजाय समाज के कमजोर और पिछड़े वर्गों को आगे बढ़ाने के पक्षधर थे।
जयंत ने कहा कि राजनीति में अहंकार, भ्रष्टाचार, चोरी और धोखाधड़ी जैसे मुद्दों पर सवाल उठने चाहिए। उन्होंने इन मुद्दों को अपनी राजनीतिक ‘एबीसीडी’ बताते हुए कहा कि उनकी राजनीति सम्मान और सामाजिक समरसता पर आधारित है।
रालोद नेतृत्व ने आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उत्तर प्रदेश में पार्टी के विस्तार का भी संकेत दिया। पार्टी नेताओं ने कहा कि रालोद अब केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूर्वांचल और मध्य यूपी में भी संगठन को मजबूत किया जाएगा।
जयंत चौधरी के इस बयान से यूपी की सियासत में सपा और रालोद के बीच बढ़ती राजनीतिक दूरी एक बार फिर चर्चा में आ गई है। आने वाले चुनावों को देखते हुए दोनों दलों के बीच बयानबाजी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।



