उत्तराखंड में 26 सितंबर तक होगा पेंशन-वेतन का भुगतान, बैंक हड़ताल का असर
उत्तराखंड के प्रमुख सचिव वित्त रमेश कुमार सुधांशु ने 25 सितंबर को सभी जिलाधिकारियों तथा कोषागार, पेंशन एवं हकदारी निदेशक को निर्देश जारी किए हैं। आदेश के अनुसार राज्य सरकार के सभी कर्मचारियों और पेंशनरों को सितंबर 2026 का वेतन-पेंशन 26 सितंबर तक उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
दरअसल, 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल प्रस्तावित है। केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय के अनुसार बैंकिंग लेन-देन प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए राज्यों को आवश्यक व्यवस्थाएं करने को कहा गया है।
उत्तराखंड सरकार के आदेश में यह भी कहा गया है कि वेतन या पेंशन का निर्धारण करने के बाद यदि किसी तरह के समायोजन की जरूरत पड़ती है तो उसे अक्टूबर 2026 के वेतन-पेंशन में समायोजित किया जाएगा। संबंधित लेखांकन प्रक्रिया भी नियमानुसार पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।



