उत्तराखंड
विकासनगर का ध्यान धारेश्वर महादेव मंदिर, पहाड़ की चोटी पर आस्था का धाम
ध्यान धारेश्वर महादेव मंदिर अपने शांत और प्राकृतिक वातावरण के कारण श्रद्धालुओं के साथ प्रकृति प्रेमियों को भी आकर्षित करता है। मंदिर पहाड़ी की ऊंचाई पर स्थित है, जहां चारों ओर हरियाली, पहाड़ और बदलते मौसम का खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है।
मंदिर परिसर में भगवान शिव की विशाल प्रतिमा स्थापित है, जिसका स्वरूप काठमांडू के पशुपतिनाथ क्षेत्र की शिव प्रतिमा से प्रेरित बताया जाता है। इसके अलावा यहां नौ शिवलिंगों का समूह भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र है।
मटोगी के साथ लांघा, पास्टा, पिपलसार, खुलेत और मदरसू क्षेत्र के लोगों की भी मंदिर में आस्था है। विशेष रूप से सावन के दौरान यहां श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ जाती है। पूजा-अर्चना के साथ लोग मंदिर के शांत वातावरण में योग और मेडिटेशन के लिए भी समय बिताते हैं।
मंदिर की भौगोलिक स्थिति इसे खास बनाती है। मसूरी के भादराज मंदिर के पीछे ऊंचाई पर स्थित इस धाम से पछवादून क्षेत्र का विहंगम दृश्य दिखाई देता है। पहाड़ों की शांति और प्राकृतिक वातावरण यहां आने वाले लोगों को अलग अनुभव देता है।