उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

संजय निषाद का अखिलेश पर हमला, बोले- सपा राज में दलितों का होता था अपमान

'अखिलेश जब सत्ता में थे तो उन्हें केवल अपनी जाति की चिंता थी', सपा पर बरसे संजय निषाद

लखनऊ, 26 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव आज दलित सम्मान की बात कर रहे हैं लेकिन शायद वो भूल गए कि उनके राज में कैसे दलितों का शोषण होता था। वहीं, भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने अखिलेश यादव पर देवभूमि के लोगों का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर को भूमाफिया बताने वाली सपा आज जब दलित सम्मान की बात करती है तो हंसी आती है।

सपा सरकार में दलितों का होता था अपमान

संजय निषाद ने कहा कि आज वाल्मीकि जयंती के मौके पर अखिलेश यादव दलितों के सम्मान की बात कर रहे हैं। लेकिन सबसे ज्यादा दलितों का अपमान सपा सरकार में होता था। उन्होंने अखिलेश के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय था, जब सपा के लोग खुलेआम दलितों के साथ गुंडई करते थे। उन्होंने कहा कि जब अखिलेश यादव सत्ता में थे तब उन्हें केवल अपनी जाति की चिंता थी। आज अखिलेश यादव भाईचारे की बात कर रहे हैं। लेकिन जनता अब सपा पर भरोसा नहीं करती और मोदी-योगी के साथ है।

‘अखिलेश यादव ने देवभूमि के लोगों का अपमान किया’

भाजपा प्रवक्ता डॉ. अंकुश त्रिपाठी ने भी अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अखिलेश पर देवभूमि के लोगों का अपमान करने और दलित सम्मान के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया। त्रिपाठी ने कहा कि अखिलेश को मुद्दों पर जवाब देने के बजाय इधर-उधर की बातें करने और आरोप लगाकर पीछे हटने की आदत है।

उन्होंने कहा कि जिस पार्टी के नेता आजम खान ने बाबा साहेब आंबेडकर को भूमाफिया बताया हो, उसके मुखिया को दलित उत्थान और महर्षि वाल्मीकि के सम्मान की बात करना शोभा नहीं देता। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि 2012 से 2017 के बीच सपा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश दलित उत्पीड़न के मामलों में देश में शीर्ष पर था।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button