उत्तर प्रदेश

‘युवा संवाद’ में गूंजा सनातन का स्वर, जेनजी ने धर्म और संस्कृति पर किए सवाल

कानपुर। सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति और नई पीढ़ी के विचारों को लेकर कानपुर के मंधना में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं की आवाज गूंजी। राष्ट्र निर्माण संस्था की ओर से महाराणा प्रताप ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट में आयोजित कार्यक्रम में एक हजार से अधिक युवा शामिल हुए। इस दौरान आध्यात्मिक वक्ता श्री किशोरी जी और राष्ट्र निर्माण संस्था के अध्यक्ष सुरेश चव्हाणके और अन्य वक्ताओं के साथ युवाओं ने धर्म, आस्था, सोशल मीडिया पर धार्मिक जानकारी की विश्वसनीयता और सनातन परंपराओं से जुड़े सवालों पर खुलकर संवाद किया। कार्यक्रम में सवाल-जवाब के साथ भजन और संगीत ने भी माहौल को भक्तिमय बनाया।

संवाद के दौरान युवाओं ने पूछा कि सोशल मीडिया पर सनातन धर्म और धार्मिक परंपराओं को लेकर तरह-तरह की जानकारियां सामने आती हैं। ऐसे में सही और गलत जानकारी के बीच अंतर कैसे किया जाए? किसी व्यक्ति के धर्म के बारे में किए गए दावे की सत्यता कैसे जांचें? श्री किशोरी जी ने विस्तार से युवाओं की जिज्ञासा का समाधान किया। युवाओं ने यह भी जानना चाहा कि नई पीढ़ी आधुनिक तकनीक और सोशल मीडिया से जुड़े रहते हुए अपनी धार्मिक परंपराओं को सही तरीके से कैसे समझ सकती है।

एक छात्र ने श्री किशोरी जी से सवाल किया कि आज के प्रतिस्पर्धा भरे दौर में सफलता हासिल करने का मंत्र क्या है? जीवन में आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य तक पहुंचने के लिए युवाओं को किस रास्ते पर चलना चाहिए? इस पर श्री किशोरी जी ने श्रीमद्भगवद्गीता का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान सबके साथ हैं। मनुष्य को अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए किसी दूसरे के सहारे पर निर्भर रहने के बजाय भगवान पर विश्वास रखते हुए अपने कर्तव्य का पालन करना चाहिए।

उन्होंने अर्जुन का उदाहरण देते हुए समझाया कि श्रीमद्भगवद्गीता में जीवन की चुनौतियों का सामना करने, अपने कर्तव्य को समझने और लक्ष्य के प्रति एकाग्र रहने की सीख मिलती है। युवाओं को गीता पढ़नी चाहिए और उसमें बताए गए सिद्धांतों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।
युवाओं ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण को लेकर भी सवाल किया। इसके अलावा उन्होंने पूछा कि आज की पीढ़ी सनातन धर्म की मूल शिक्षाओं को समझने के लिए किन स्रोतों पर भरोसा करे? धार्मिक परंपराओं और रीति-रिवाजों के पीछे के कारणों को जानने का सही तरीका क्या है? क्या धर्म के बारे में सवाल पूछना और उनके तर्कपूर्ण जवाब तलाशना भी धार्मिक समझ को मजबूत करने का माध्यम हो सकता है? वक्ताओं ने युवाओं के सवालों पर अपनी बात रखी। सुरेश चव्हाणके ने भी संवाद के दौरान सवालों के जवाब दिए।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार, सनातन संस्कृति और प्रदेश की पहचान से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। ‘राम को लाए हैं’, ‘योगी ही उपयोगी हैं’ और ‘यूपी अपनी शान है’ जैसे नारों और गीतों के जरिए धार्मिक आस्था तथा प्रदेश के गौरव का संदेश दिया गया। युवाओं की भागीदारी के बीच सरकार के कार्यों और सनातन संस्कृति को लेकर भी विचार रखे गए।

युवा संवाद के साथ भजन और संगीत का आयोजन भी किया गया। केशवम बैंड की प्रस्तुति और भजन क्लबिंग ने कार्यक्रम में मौजूद युवाओं का ध्यान खींचा। मैदान में जुटे युवाओं और मंच पर मौजूद वक्ताओं के बीच संवाद के साथ गीत-संगीत का दौर भी चला। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नई पीढ़ी की धार्मिक और सांस्कृतिक विषयों में रुचि तथा सवालों के माध्यम से अपनी जिज्ञासाएं सामने रखना रहा।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button