देशबड़ी खबर

राजस्थान के बर्खास्त मंत्री गुढ़ा शिवसेना में हुए शामिल, CM शिंदे ने दिलाई सदस्यता

जयपुर। राजस्थान के बर्खास्त मंत्री और उदयपुरवाटी से विधायक राजेंद्र सिंह गुढ़ा शनिवार को एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए। गुढ़ा गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उनका पार्टी में स्वागत किया। इस अवसर पर शिंदे ने कहा, ”मैं राजेंद्र सिंह गुढ़ा का शिवसेना परिवार में स्वागत करता हूं। राजस्थान की वीरता व शौर्य तथा महाराष्ट्र की वीरता व शौर्य का अब मिलन हुआ है और दोनों साथ-साथ आगे बढ़ेंगे।”

उन्होंने कहा कि गुढ़ा ने जनता के लिए आवाज उठाई, मंत्री पद त्याग दिया, लेकिन सच्चाई का साथ नहीं छोड़ा। राजस्थान में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसमें शिवसेना के किस्मत आजमाने के सवाल को शिंदे ने यह कहते हुए टाल दिया, ”हम क्षेत्र के विकास के लिए चुनाव लड़ते हैं, हम विकास की राजनीति करेंगे।” शिंदे ने कहा, ”हमें जनता के लिए जनता की प्रगति और राज्य के विकास के लिए काम करना है। महाराष्ट्र की तरह यहां भी विकास की जरूरत है।”

इससे पहले, शिंदे ने गुढ़ा को पार्टी का दुपट्टा पहनाया। उल्लेखनीय है कि गुढ़ा ने मंत्री रहते हुए 17 जुलाई को विधानसभा में कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी ही सरकार को घेरा था, जिसके बाद उन्हें मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया गया था। उन्होंने सदन में कथित ‘लाल डायरी’ लहराने का प्रयास किया था। गुढ़ा उन छह विधायकों में से एक हैं, जिन्होंने 2018 का विधानसभा चुनाव बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर जीता था, लेकिन बाद में वे कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button