
ब्राजील में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने हाल ही में “ऑपरेशन कंटेनमेंट” के तहत देश के सबसे कुख्यात आपराधिक संगठन रेड कमांड (Red Command) पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। इस ऑपरेशन में खुलासा हुआ है कि यह गैंग न सिर्फ ब्राजील बल्कि पूरे दक्षिण अमेरिका के ड्रग्स और रंगदारी नेटवर्क पर राज कर रहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रेड कमांड ने पिछले कुछ वर्षों में करीब 2.27 लाख करोड़ रुपये से अधिक की अवैध कमाई की है, जो इसे दुनिया के सबसे ताकतवर अपराध संगठनों में से एक बनाता है।
रेड कमांड का नेटवर्क अमेज़न के जंगलों से लेकर रियो डी जेनेरो तक फैला हुआ है। यह गिरोह कोकेन और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी, हथियारों के सौदे, रंगदारी और फिरौती के जरिए पैसा कमाता है। ब्राजील की जेलों से भी इस गैंग का संचालन होता है, जहां से इसके सरगना अपने नेटवर्क को कंट्रोल करते हैं। “ऑपरेशन कंटेनमेंट” में सैकड़ों संदिग्धों की गिरफ्तारी हुई है और करोड़ों डॉलर की संपत्ति जब्त की गई है।
ब्राजील सरकार ने इस कार्रवाई को देश के सबसे बड़े एंटी-क्राइम ऑपरेशन में से एक बताया है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि रेड कमांड सिर्फ एक गैंग नहीं, बल्कि एक “पैरलल गवर्नमेंट” की तरह काम कर रहा था। यह गरीब इलाकों में बेरोजगार युवाओं को पैसे और हथियार के लालच में शामिल कर अपने नेटवर्क को मजबूत बनाता था।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस गिरोह के तार कोलंबिया, पेरू, बोलिविया और यूरोप तक फैले हुए हैं। ब्राजील की खुफिया एजेंसियों का दावा है कि ऑपरेशन कंटेनमेंट के जरिए अब रेड कमांड की जड़ें कमजोर हो चुकी हैं, और सरकार इस माफिया साम्राज्य को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।



