बड़ी खबरविदेश

QUAD ने की पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा, दोषियों को बिना देरी न्याय के कठघरे में खड़ा करने की मांग

वाशिंगटनः वाशिंगटन में क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की मंगलवार को अहम बैठक हुई। इस दौरान क्वाड ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले की सख्त निंदा की। क्वाड इसके दोषियों, उनके योजनाकारों और वित्तपोषकों को बगैर किसी देरी के न्याय के कठघरे में लाए जाने की मांग भी की। बता दें कि इस आतंकी हमले में 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक समेत कुल 26 लोग मारे गए थे। आतंकियों ने धर्म पूछकर पर्यटकों को गोली मार दी थी।

सीमापार आतंकवाद पर क्वाड देश सख्त

बैठक के दौरान क्वाड देशों ने सीमा पार आतंकवाद की सख्त निंदा किया। इसके साथ ही क्वाड ने आतंकवाद के विरुद्ध सख्त रुख, क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और आपदा प्रतिक्रिया को लेकर नए कदमों की घोषणा की है। क्वाड ने कहा कि वह आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद के सभी स्वरूपों और रूपांतरणों, विशेष रूप से सीमा पार आतंकवाद की स्पष्ट रूप से निंदा करता है और आतंकवाद विरोधी सहयोग को और मजबूत करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराता है।

परिजनों के लिए व्यक्त की संवेदना

क्वाड देशों ने कहा कि हम 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए उस आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हैं, जिसमें 25 भारतीय नागरिकों और एक नेपाली नागरिक की जान गई, और कई अन्य घायल हुए। हम पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हैं और घायलों के शीघ्र और पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं।

अपराधियों को बिना देरी के न्याय के कठघरे में लाया जाए

क्वाड ने कहा, “हम इस घृणित कृत्य के अपराधियों, योजनाकारों और वित्तपोषकों को बिना किसी देरी के न्याय के कटघरे में लाने की मांग करते हैं, और सभी संयुक्त राष्ट्र सदस्य देशों से आग्रह करते हैं कि वे अंतरराष्ट्रीय कानून और प्रासंगिक यूएन सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के अनुरूप सभी संबंधित प्राधिकरणों के साथ सक्रिय सहयोग करें।

क्वाड ने किए कई अन्य बड़े ऐलान

इस बैठक के दौरान क्वाड ने कई अन्य नई पहलों की घोषणा की है। इसमें इंडो-पैसिफिक में शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए क्वाड का संकल्प है। क्वाड ने कहा कि इन चुनौतियों के मद्देनज़र, हम आज कई महत्वपूर्ण पहलों की घोषणा कर रहे हैं, जिनका उद्देश्य समुद्री और सीमा पार सुरक्षा, आर्थिक समृद्धि, उभरती प्रौद्योगिकियों और आपदा प्रतिक्रिया को सशक्त बनाना है। जो निम्न हैं…

1. क्वाड क्रिटिकल मिनरल्स इनिशिएटिव (Quad Critical Minerals Initiative)

क्वाड ने कहा कि हम इस महत्वाकांक्षी साझेदारी की शुरुआत कर रहे हैं,जिसका लक्ष्य महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुरक्षित और विविध बनाना, और क्षेत्रीय आर्थिक सुरक्षा व लचीलापन बढ़ाना है।

2. समुद्री कानून प्रवर्तन में सहयोग

क्वाड ने कहा कि इसके तहत हम क्षेत्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों, समुद्री कानूनी संवादों और कोस्ट गार्ड सहयोग के माध्यम से समुद्री सुरक्षा सहयोग को गहरा कर रहे हैं।

3. पहली Quad Indo-Pacific Logistics Network अभ्यास की योजना

क्वाड ने कहा, इस वर्ष हम पहला इंडो-पैसिफिक लॉजिस्टिक्स नेटवर्क फील्ड ट्रेनिंग अभ्यास आयोजित करेंगे, ताकि आपदा प्रतिक्रिया के लिए सामूहिक लॉजिस्टिक क्षमता को बेहतर बनाया जा सके।

4. ‘Ports of the Future Partnership’ की मुंबई में शुरुआत

इसका ऐलान करते क्वाड ने कहा कि हम इस वर्ष मुंबई में क्वाड बंदरगाह साझेदारी (Quad Ports of the Future Partnership) की शुरुआत करेंगे, जिससे प्रौद्योगिकी-समर्थ बंदरगाहों का विकास और क्षेत्रीय व्यापार क्षमता को बढ़ावा मिलेगा।

म्यांमार के लिए मानवीय सहायता

मार्च 2025 में म्यांमार में आए भूकंप से प्रभावित समुदायों की सहायता के लिए क्वाड देशों ने 30 मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक की मानवीय सहायता प्रदान की है। हम क्षेत्रीय आपदाओं पर तेज और समन्वित प्रतिक्रिया जारी रखेंगे।

गलत सूचनाओं के विरुद्ध लड़ाई

क्वाड ने कहा, हम गलत सूचनाएं फैलाने और क्वाड के हितों में हस्तक्षेप करने के विदेशी प्रयासों का मुकाबला करते रहेंगे, ताकि इंडो-पैसिफिक में पारदर्शिता और स्थिरता बनी रहे।

लोकतंत्र, सहयोग और भविष्य की दिशा

क्वाड देशों — भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया — की लोकतांत्रिक सरकारें, स्वतंत्र, मुक्त और समावेशी इंडो-पैसिफिक के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और गहरा करने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। क्वाड ने कहा कि हमारा उद्देश्य 21वीं सदी की प्रमुख चुनौतियों और अवसरों से प्रभावी ढंग से निपटना है। हम भारत द्वारा इस वर्ष आयोजित किए जा रहे अगले क्वाड लीडर्स समिट और 2026 में ऑस्ट्रेलिया द्वारा आयोजित क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button