यूपी-जापान संबंधों को मिली नई मजबूती, सीएम योगी से यामानाशी प्रान्त के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात

उत्तर प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से दिनांक 28 जनवरी 2026 को उनके सरकारी आवास 5-कालिदास मार्ग, लखनऊ में जापान के यामानाशी प्रान्त के उप-राज्यपाल श्री जुनिची इशिडोरा जी ने 08 सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ शिष्टाचार भेंट की। यह भेंट भारत और जापान के बीच लंबे समय से चले आ रहे मैत्रीपूर्ण और सहयोगात्मक संबंधों को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश और यामानाशी प्रान्त के बीच औद्योगिक निवेश, तकनीकी सहयोग, कौशल विकास, पर्यटन, शिक्षा तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश निवेश के लिए भारत का सबसे पसंदीदा राज्य बनकर उभरा है और यहां विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा, सुदृढ़ कानून-व्यवस्था तथा उद्योगों के अनुकूल नीतियां उपलब्ध हैं। उन्होंने जापानी कंपनियों को राज्य में निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, नवीकरणीय ऊर्जा, स्वास्थ्य और स्मार्ट सिटी जैसे क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं।
जापान के उप-राज्यपाल श्री जुनिची इशिडोरा जी ने उत्तर प्रदेश सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों और तेज़ी से हो रहे बुनियादी ढांचे के विस्तार की सराहना की। उन्होंने कहा कि यामानाशी प्रान्त और उत्तर प्रदेश के बीच आपसी सहयोग से दोनों क्षेत्रों को लाभ होगा, विशेषकर तकनीकी नवाचार, स्टार्टअप, मानव संसाधन विकास और पर्यटन के क्षेत्र में। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने भी राज्य में उपलब्ध निवेश अवसरों, औद्योगिक गलियारों और एक्सप्रेसवे नेटवर्क में गहरी रुचि दिखाई।
भेंट के दौरान दोनों पक्षों ने भविष्य में नियमित संवाद, व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों के आदान-प्रदान और संयुक्त परियोजनाओं पर सहमति जताई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की मुलाकातें न केवल भारत-जापान संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी, बल्कि उत्तर प्रदेश के समग्र विकास और रोजगार सृजन में भी अहम भूमिका निभाएंगी। यह शिष्टाचार भेंट प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय सहयोग को और सशक्त बनाने की दिशा में एक सकारात्मक और दूरगामी पहल साबित होगी।



