खेल-खिलाड़ी

Indonesia Open 2023 : PV Sindhu और HS Prannoy इंडोनेशिया ओपन के प्री क्वार्टर फाइनल में, त्रीशा-गायत्री बाहर

जकार्ता। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने मंगलवार को यहां इंडोनेशिया ओपन विश्व टूर सुपर 1000 प्रतियोगिता के पहले दौर में स्थानीय दावेदार ग्रिगोरिया मारिस्का तुंजुंग के खिलाफ सीधे गेम में जीत दर्ज की। पिछली दो प्रतियोगिताओं के पहले दौर से बाहर होने वाली दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु ने इंडोनेशिया की विरोधी खिलाड़ी को 38 मिनट में 21-19 21-15 से हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। सिंधु की ग्रिगोरिया के खिलाफ पिछले तीन मैच में यह पहली जीत है। उन्हें इंडोनेशिया की इस खिलाड़ी के खिलाफ इसी साल मैड्रिड मास्टर्स और मलेशिया मास्टर्स में हार का सामना करना पड़ा था।

विश्व रैंकिंग में 13वें स्थान पर खिसकी सिंधु के खिलाफ ग्रिगोरिया ने पहले गेम में अच्छी शुरुआत करते हुए 9-7 की बढ़त बनाई लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने अपनी लंबाई का फायदा उठाते हुछ अच्छे अंक जुटाए और ग्रिगोरिया की लगातार तीन गलतियों से ब्रेक तक 11-10 की बढ़त बना ली और फिर गेम जीतने में सफल रही। दूसरे गेम में सिंधु बेहतर लय में नजर आईं। ग्रिगोरिया ने भी काफी गलतियां भी की जिसका फायदा उठाकर सिंधु गेम और मैच जीतने में सफल रही। सिंधु की ग्रिगोरिया के खिलाफ 10 मैच में यह आठवीं जीत है जबकि उन्हें दो बार हार का सामना करना पड़ा है। सिंधु की आगे की राह आसान नहीं होगी क्योंकि अगले दौर में उन्हें तीसरी वरीय ताइ जू यिंग से भिड़ना है।

ताइवान की खिलाड़ी ने सिंधु के खिलाफ पिछले लगातार आठ मुकाबले जीते हैं और भारतीय खिलाड़ी के खिलाफ उनकी जीत-हार का रिकॉर्ड 18-5 है। फॉर्म में चल रहे एचएस प्रणय भी जापान के केंटा निशिमोटो को 50 मिनट में सीधे गेम में 21-16 21-14 से हराकर अगले दौर में प्रवेश करने में सफल रहे। पिछले महीने मलेशिया मास्टर्स सुपर 300 का खिताब जीतने वाले सातवें वरीय भारतीय प्रणय अगले दौर में हांगकांग के एनजी का लोंग एंगस से भिड़ेंगे।

त्रीशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की भारत की महिला जुगल जोड़ी हालांकि पहले दौर में रिंग इवानागा और केई नाकानिशी की जापान की जोड़ी के खिलाफ शिकस्त के साथ प्रतियोगिता से बाहर हो गई। भारत की राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता जोड़ी को एक घंटा और 12 मिनट चले कड़े मुकाबले में 22-20 12-21 16-21 से हार का सामना करना पड़ा।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button