खेल-खिलाड़ी

क्रिकेट से संन्यास के बाद स्टुअर्ट ब्रॉड की नई पारी शुरू, अब यहां किया डेब्यू, दिनेश कार्तिक ने कहा- स्वागत है

हाल ही में एशेज सीरीज का अंत हुआ है. इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली गई पांच मैचों की ये सीरीज 2-2 से बराबरी पर खत्म हुई. इंग्लैंड ने इस सीरीज में दमदार वापसी की. ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआती दोनों मैच जीत लिए थे.ऐसे में इंग्लैंड पर सीरीज हार का खतरा मंडरा रहा था लेकिन इंग्लैंड ने दो मैच जीते और एक मैच बारिश के कारण ड्रॉ रहा जिसके चलते सीरीज बराबरी पर खत्म हुई. सीरीज के आखिरी मैच के दौरान इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड ने ऐलान कर दिया था कि ये उनके इंटरनेशनल करियर का आखिरी मैच है. सीरीज के बाद ब्रॉड ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया और अब एक नई जगह डेब्यू किया है और भारतीय क्रिकेटर दिनेश कार्तिक ने उनका स्वागत भी किया है.

ब्रॉड इंग्लैंड के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज हैं. वह इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं. वहीं वह टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं. ब्रॉड ने अपने टेस्ट करियर में 167 मैच खेले और कुल 604 विकेट अपने नाम किए.

कॉमेंट्री बॉक्स में किया डेब्यू

ब्रॉड क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं लेकिन क्रिकेटर को क्रिकेट से दूर रखना संभव नहीं होता. वह संन्यास लेने के बाद भी क्रिकेट से जुड़े हैं. इस समय इंग्लैंड में द हंड्रेड टूर्नामेंट खेला जा रहा है. ब्रॉड इस टूर्नामेंट में बतौर कॉमेंटेटर काम कर रहे हैं. दिनेश कार्तिक ने हालांकि अभी क्रिकेट से संन्यास नहीं लिया है लेकिन वह कॉमेंट्री करते हैं. कार्तिक द हंड्रेड में कॉमेंट्री कर रहे हैं और उन्होंने ब्रॉड का कॉमेंट्री में आने पर स्वागत किया है. कार्तिक ने ट्वीट करते हुए ब्रॉड का स्वागत किया और लिखा है कि उन्हें यकीन है कि ब्रॉड यहां अच्छा करेंगे.

दिनेश कार्तिक स्काई स्पोर्ट्स के लिए लंबे समय से कॉमेंटेटर की भूमिका में दिखाई दे रहे हैं. भारतीय टीम ने जब इंग्लैंड का दौरा किया था तब भी वह कॉमेंट्री कर रहे थे. कार्तिक ने पिछले साल भारत के लिए टी20 वर्ल्ड कप खेला था लेकिन इसके बाद वह टीम से बाहर कर दिए गए. वह अब आईपीएल खेलते हैं और कॉमेंट्री भी करते हैं.

एशेज में किया कमाल

ब्रॉड ने जब संन्यास का ऐलान किया तो हर कोई हैरान रह गया. किसी ने उम्मीद नहीं की थी कि वह संन्यास लेंगे. वह जाते-जाते भी अपना जलवा दिखा गए. एशेज सीरीज-2023 में वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर रहे. उन्होंने पांच मैचों में 22 विकेट अपने नाम किए. आखिरी मैच में ऑस्ट्रेलिया के आखिरी दो विकेट ब्रॉड ने ही लिए थे और इंग्लैंड को जीत दिलाई थी.

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button