उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

दीपोत्सव की तैयारियों का जायजा लेने ग्राउंड जीरो पर उतरे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

रामकथा पार्क से राम की पैड़ी तक पहुंचे मुख्यमंत्री, सरयू आरती घाट और मंच निर्माण का किया निरीक्षण

अयोध्या,2 नवम्बर। दीपोत्सव-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर रामनगरी पहुंचे। रामकथा पार्क के समीप बने हेलीपैड पर उनका हेलीकॉप्टर उतरा, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे रामकथा पार्क पहुंचे और दीपोत्सव से जुड़े विभिन्न कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों की प्रगति परखी। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए।

रामकथा पार्क में तैयारियों की परखी प्रगति
मुख्यमंत्री ने रामकथा पार्क में दीपोत्सव के लिए चल रहे कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने आयोजन स्थल पर व्यवस्था, निर्माण कार्यों और तैयारियों की स्थिति देखी। अधिकारियों से अब तक पूरे हो चुके कार्यों तथा शेष तैयारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी काम पूरे कर लिए जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

राम की पैड़ी और सरयू आरती घाट का निरीक्षण
रामकथा पार्क के बाद मुख्यमंत्री राम की पैड़ी पहुंचे। यहां उन्होंने सरयू आरती घाट का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा और आयोजन से जुड़े इंतजामों को देखा। इसके बाद राम की पैड़ी पर तैयार किए जा रहे मंच का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त रखी जाएं।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दीपोत्सव से संबंधित सभी कार्य तय समय पर पूरे हों। घाटों, मार्गों और आयोजन स्थलों पर श्रद्धालुओं को आवागमन, दर्शन तथा अन्य सुविधाओं में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने समन्वय बनाए रखने और तैयारियों की लगातार निगरानी करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री दर्शन-पूजन के लिए रवाना हो गए। इस दौरान कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान एवं अयोध्या जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही सहित जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इनकी रही मौजूदगी
इस दौरान महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रोली सिंह, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, रामचंद्र यादव, चंद्रभानु पासवान, अमित सिंह चौहान और अभय सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश पाण्डेय बादल, सभापति सहकारी बैंक धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष संजीव सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button