यूपी में हाईवे सुरक्षा सख्त, अनफिट वाहनों पर होगी कार्रवाई

उत्तर प्रदेश में सर्दियों के दौरान शीतलहर और घने कोहरे से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए योगी सरकार ने सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान कर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को सुरक्षा उपाय समय पर पूरे करने को कहा है।
हाईवे पर एंबुलेंस और रेस्क्यू वाहन रहेंगे उपलब्ध
दुर्घटना की स्थिति में घायलों को जल्द सहायता और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संवेदनशील स्थानों के आसपास पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस, पेट्रोलिंग वाहन और रेस्क्यू वाहन उपलब्ध रखने पर जोर दिया गया है। इसका उद्देश्य हादसे के बाद राहत एवं बचाव कार्यों में देरी को कम करना है।
अनफिट और असुरक्षित वाहनों पर होगी कार्रवाई
सड़क सुरक्षा के तहत निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले अनफिट वाहनों और जुगाड़ से बनाए गए असुरक्षित वाहनों के संचालन पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। परिवहन विभाग और यातायात पुलिस आपसी समन्वय से जांच और प्रवर्तन कार्रवाई करेंगे, ताकि ऐसे वाहनों से होने वाले संभावित हादसों को रोका जा सके।
कोहरे में सड़क संकेतक और सफेद पट्टियां होंगी स्पष्ट
हाईवे और एक्सप्रेसवे पर रिफ्लेक्टिव संकेतक, कैट्स आई, दिशासूचक बोर्ड, स्टॉप लाइन और जेब्रा क्रॉसिंग की नियमित जांच की जाएगी। धूल से ढके, क्षतिग्रस्त या मिट चुके सड़क चिह्नों को ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। मोड़ों, चौराहों और दुर्घटना संभावित स्थानों पर जरूरत के अनुसार चेतावनी संकेतक और गति सीमा संबंधी बोर्ड भी लगाए जाएंगे।
वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह
सरकार की ओर से वाहन चालकों को कोहरे के दौरान फॉग लाइट और रिफ्लेक्टिव टेप का इस्तेमाल करने, नियंत्रित गति से वाहन चलाने और आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखने के प्रति जागरूक किया जाएगा। अधिकारियों को सड़क सुरक्षा इंतजामों की नियमित निगरानी करने और कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। घने कोहरे में दृश्यता कम होने पर वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है।



