नैनीताल हाईवे पर मलबा आने से यातायात बाधित, SSP ने मौके पर पहुंचकर खुलवाई सड़क

हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर गुरुवार को दोगांव और डोलमार के बीच सड़क पर अचानक मलबा आने से यातायात प्रभावित हो गया। मार्ग पर मलबा जमा होने के कारण वाहनों की आवाजाही में परेशानी होने लगी और यात्रियों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
मलबा आने की सूचना मिलते ही नैनीताल के SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके की स्थिति का जायजा लिया और यातायात को सामान्य कराने के लिए पुलिस अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश दिए।
SSP के निर्देश पर मौके पर जेसीबी बुलाकर सड़क पर जमा मलबे को हटाया गया। पुलिसकर्मियों ने वाहनों को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया, जिससे मार्ग पर फंसे यात्रियों और वाहन चालकों को राहत मिली। मलबा हटने के बाद हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर यातायात फिर से सुचारू हो गया।
प्रशासन और पुलिस टीम को मार्ग पर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दोबारा मलबा आने या किसी अन्य बाधा की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। पहाड़ी मार्गों पर मौसम और भूस्खलन से जुड़ी परिस्थितियों को देखते हुए यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।



