डीएसबी परिसर नैनीताल के छात्रसंघ चुनाव में भानु प्रताप सिंह चौहान ने अध्यक्ष पद पर 1355 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी एबीवीपी समर्थित शुभम कुमार को 873 वोट मिले, जबकि हिमांशु आर्य को 283 मत प्राप्त हुए। भानु की जीत के साथ उनकी मां बीना चौहान की कहानी भी चुनाव की चर्चित घटनाओं में शामिल हो गई। उन्होंने बेटे के समर्थन और प्रचार के लिए खुद डीएसबी परिसर में एमए राजनीति विज्ञान में प्रवेश लिया था।
बीना चौहान हल्द्वानी नगर निगम की पार्षद हैं। उन्होंने इससे पहले एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी से एमए एजुकेशन की पढ़ाई की थी। बेटे के छात्रसंघ चुनाव में उतरने के बाद उन्होंने डीएसबी परिसर में दोबारा दाखिला लिया और चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभाई।
चुनाव परिणाम के अनुसार डीएसबी परिसर में कुल 5410 मतदाता थे, जिनमें से 2535 विद्यार्थियों ने मतदान किया। अध्यक्ष पद पर भानु प्रताप सिंह चौहान को 1355 वोट मिले। वहीं संयुक्त सचिव पद पर अनुष्का पुरी और कोषाध्यक्ष पद पर सृष्टि रावत ने जीत दर्ज की।
बेटे की जीत के बाद बीना चौहान भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि बेटे का साथ देना उनके लिए मां होने के नाते जिम्मेदारी थी। उन्होंने छात्रसंघ से जुड़े मुद्दों में खेलकूद और बाहरी क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों की समस्याओं पर ध्यान देने की जरूरत भी बताई।
Follow Us