उत्तराखंड अंतिम मतदाता सूची जारी, SIR के बाद 71.59 लाख वोटर

उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी की गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के अनुसार अंतिम सूची में कुल 71,58,949 मतदाता शामिल हैं। इनमें 1,29,872 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं।
SIR की प्रक्रिया 8 जून 2026 से शुरू हुई थी। इसके बाद 14 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी, जिसमें 71,33,785 मतदाता दर्ज थे। दावे और आपत्तियों के निस्तारण तथा सत्यापन के बाद अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 71.59 लाख के करीब पहुंच गई।
पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं के नाम, पते और पात्रता का सत्यापन किया गया। मृत, स्थानांतरित और अन्य कारणों से संदिग्ध प्रविष्टियों की जांच के साथ पात्र लोगों को दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया गया था।
निर्वाचन विभाग के अनुसार जिन पात्र लोगों के नाम अंतिम सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, उन्हें आगे भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करने का अवसर मिलेगा। उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर SIR 2026 और मतदाता सेवाओं से जुड़ी जानकारी उपलब्ध है।



