जम्मू कश्मीर के सोपियां में आतंकी मुठभेड़ में सतना के एक जवान शहीद

जम्मू कश्मीर के सोपियां जिले में आज सुबह आतंकवादियों से हुयी मुठभेड़ में जवान कर्णवीर सिंह शहीद हो गए, जो मध्यप्रदेश के सतना जिले के निवासी हैं। सेना के आधिकारियों द्वारा यहां उनके परिवारजनों को इसकी सूचना दी गयी है। वह सतना के उतैली वार्ड नं 22 के निवासी हैं तथा 21वीं राजपूत रेजीमेंट 44 आर आर के सदस्य थे।  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट के माध्यम से शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भारत के वीर सपूत, सतना के लाल, वीर जवान कर्णवीर सिंह राजपूत आज कश्मीर में अपना शौर्य एवं वीरता दिखाते हुए वीर गति को प्राप्त हो गये। ईश्वर वीर शहीद की पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि। चौहान ने कहा कि वीर जवान कर्णवीर सिंह राजपूत चले गये, लेकिन हमारी स्मृतियों में हमेशा अमर रहेंगे। हम उनको वापस नहीं ला सकते हैं, लेकिन उनका परिवार अकेला नहीं है। उनके परिवार के साथ सम्पूर्ण देश और मध्यप्रदेश खड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.