UP : 10 करोड़ के खेल में पीएनबी के 12 कर्मचारी सस्पेंड

लखनऊ उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा (वेस्ट) स्थित पंजाब नेशनल बैंक की ऐच्छर शाखा में स्थानीय किसानों के करोड़ों रुपये के मुआवजे पर डाका डालने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बैंक प्रबंधन के अनुसार, शुरुआती जांच में लगभग ₹9.5 करोड़ के घोटाले की पुष्टि हुई है।
यह वह पैसा था जो किसानों को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के लिए अधिग्रहित की गई उनकी जमीनों के मुआवजे के रूप में मिला था और उन्होंने इसकी फिक्स डिपॉजिट कराई थी। बैंक ने इस महा-घोटाले पर कड़ा एक्शन लेते हुए शाखा प्रबंधक (ब्रांच मैनेजर) समेत 12 संदिग्ध कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड (निलंबित) कर दिया है। मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
महिला कर्मचारी पर साजिश में शामिल होने का आरोप
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बैंक की एक वरिष्ठ महिला कर्मचारी ने बाहरी जालसाजों के साथ मिलकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया। आरोपी महिला कर्मचारी ने शातिर तरीके से ब्रांच मैनेजर के ”सीक्रेट पासवर्ड” को चुरा लिया। इसके बाद, खाताधारकों की बिना किसी अनुमति, हस्ताक्षर या ओटीपी के, एक-एक करके 30 से अधिक किसानों की एफडी को समय से पहले बंद कर दिया गया। एफडी टूटते ही करोड़ों रुपये की इस राशि को दूसरे संदिग्ध बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया गया।
यह खेल तब उजागर हुआ जब कुछ किसान अपनी एफडी और खातों से पैसे निकालने बैंक पहुंचे और उनका बैलेंस ”जीरो” मिला। इसके बाद पीड़ित किसानों ने बैंक परिसर में भारी हंगामा शुरू कर दिया।



