
हल्द्वानी : धनतेरस और दीपावली से पहले नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने तीन दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के पशुपालकों को 29.39 लाख रुपये का बोनस वितरित किया। संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में रामपुर रोड स्थित बेड़ा पोखरा, कालाढूंगी की कमोला और दोहनिया दुग्ध समितियों में बोनस वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। तीनों समितियों में कुल 3.81 करोड़ दुग्ध खरीद पर बोनस दिया।
बेड़ा पोखरा समिति में 1.24 करोड़ रुपये की दुग्ध खरीद पर 13. 94 लाख, कमोला समिति में 1.42 करोड़ रुपये की खरीद पर 10 लाख रुपये और दोहनिया समिति में 1.14 करोड़ रुपये की खरीद पर 5. 44 लाख रुपये का बोनस वितरित किया गया। कमोला समिति में वर्ष 2025-26 की 49वीं वार्षिक सामान्य निकाय बैठक भी आयोजित हुई। मुकेश बोरा ने कहा कि संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों के प्रति सजग और प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में अधिक दूध उपलब्ध कराने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त उत्पादकों को सम्मानित किया गया। इस दौरान समिति अध्यक्ष हेमंती राणा, एसपी सिंह, बचे सिंह, शेखर जोशी, विनोद चंद्र बेलवाल, सचिव हीरा सिंह गंगोला, दयाकिशन सुयाल, संरक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह, दुग्ध संघ के पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा रहे।



