उत्तर प्रदेशलखनऊ

राज्यपाल ने केजीएमयू में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का किया लोकार्पण

  • समाज हित के कार्यों में योगदान दें विश्वविद्यालय
  • सेवा भाव से कार्य करें चिकित्सक : बृजेश पाठक

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने मंगलवार को लखनऊ स्थित किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में पर्यावरण विभाग के अंतर्गत रोटेटिंग मीडिया वायो रिएक्टर पद्धति पर स्थापित किए गए पाँच सौ केएलडी क्षमता वाले सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का लोकार्पण किया। राज्यपाल ने केजीएमयू द्वारा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाने और उचित वेस्ट मैनेजमेंट करने की पहल की प्रशंसा की। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता लाना आज बेहद जरूरी है। पर्यावरण की सुरक्षा के लिए सिर्फ वृक्षारोपण ही नहीं अपितु जल संरक्षण, कूड़ा निस्तारण प्रबंधन भी जरूरी है।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों के परिसरों को स्वच्छ रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा अपना परिसर घर की तरह स्वच्छ रखें। उन्होंने जोर दिया कि विश्वविद्यालय का हर विभाग, हर ऑफिस, हर अधिकारी अगर अपना दायित्व निभायेगा तो कुलपति को स्वयं स्वच्छता के लिए प्रयास करने की आवश्यकता नहीं होगी। विश्वविद्यालयों को अपनी गतिविधियां समाज हित से जोड़ने के लिए प्रोत्साहित करते हुए राज्यपाल ने उचित कूड़ा प्रबंधन करके खाद तैयार कर किसानों को निःशुल्क उपलब्ध कराने वाले विश्वविद्यालय का उदाहरण भी समारोह में दिया।

उन्होंने यह भी बताया कि विद्यार्थियों की सभागिता से अनुपयोगी सामग्री को उपयोगी बनाकर प्रयोग में लाया गया। उन्होंने इसी क्रम में विश्वविद्यालय में सर्वथा निष्प्रयोज्य सामग्री के भंडारण का निस्तारण करने पर भी जोर दिया और कहा सर्वोच्च पदों पर बैठे पदाधिकारी इस कार्य को अपनी जिम्मेदारी समझें।

पर्यावरण संरक्षण पर चर्चा करते हुए आनंदीबेन पटेल ने गौशालाओं में गोबर गैस प्लांट लगाकर गांवों तक उसका लाभ प्रदान करवाने, अमृत ताल एवं अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत तालाबों, नदियों, जलाशयों का संरक्षण करने की दिशा में चल रहे कार्यों का उल्लेख किया। समारोह में राज्यपाल ने पर्यावरण संरक्षण के प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

समारोह में चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री ब्रजेश पाठक ने सम्बोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति के.जी.एम.यू. के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने चिकित्सकों से अपेक्षा की कि वे अपने चिकित्सीय दायित्व के प्रति समर्पित होकर मरीज के हित में सेवा भाव से कार्य करें। केजीएमयू के कुलपति लेफ्टिनेंट जनरल डा. विपिन पुरी ने राज्यपाल के नेतृत्व में विश्वविद्यालय में हो रहे सुधार की चर्चा की। कार्यक्रम में पैरामेडिकल के छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण पर नुक्कड़ नाटक तथा मेडिकल छात्रों ने संगीत प्रस्तुतियां दी। कार्यक्रम में प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा आलोक कुमार, समस्त संकाय सदस्य, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button