देशबड़ी खबर

अमित शाह ने आप पर साधा निशाना, कहा- पंजाब की कानून-व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है

गुरदासपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य की कानून-व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है, क्योंकि मुख्यमंत्री भगवंत मान अपना सारा समय देशभर में अरविंद केजरीवाल के साथ घूमने में बिताते हैं। शाह ने कहा कि कभी-कभी उन्हें आश्चर्य होता है कि मान मुख्यमंत्री हैं या पायलट। नरेन्द्र मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर भाजपा के जनसंपर्क अभियान के तहत यहां एक रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, मैंने अपने पूरे जीवन में ‘आप’ के नेतृत्व वाली ऐसी सरकार नहीं देखी, जो खोखले वादे करती हो। मान पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री का एक ही काम है।

केजरीवाल को यदि चेन्नई जाना है, तो वह उन्हें चेन्नई ले जाने के लिए विमान से दिल्ली जाते हैं। यदि उन्हें (केजरीवाल को) कोलकाता जाना है, तो फिर वह (मान) विमान लेते हैं और उन्हें कोलकाता ले जाते हैं। उन्होंने कहा, केजरीवाल के देशव्यापी दौरे की व्यवस्था पंजाब के मुख्यमंत्री कर रहे हैं। मैं अक्सर सोचता हूं कि वह मुख्यमंत्री हैं या पायलट। उनका पूरा समय केजरीवाल के दौरों में बीत जाता है और इसी का नतीजा है कि पंजाब में कानून व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है।

शाह ने कहा कि यहां लोग सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जहां नशीले पदार्थों का कारोबार बढ़ रहा है, वहीं मुख्यमंत्री के पास इसके लिए या किसानों की परेशानी के लिए समय नहीं है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई नेताओं ने आरोप लगाया है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल देश के विभिन्न हिस्सों के दौरे के दौरान मान को अपने साथ ले जाते हैं, ताकि वह मान के सरकारी विमान में उड़ान भर सकें।

‘आप’ पर उसके चुनावी वादों को लेकर निशाना साधते हुए शाह ने कहा, मैं भगवंत मान और केजरीवाल से पूछने आया हूं कि आपने राज्य की हर महिला को 1,000 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन वे अभी भी उसका इंतजार कर रही हैं। उन्होंने नौ वर्षों में केंद्र में नरेन्द्र मोदी सरकार की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख किया और कहा कि भारत अब एक ‘विकास इंजन’ के रूप में जाना जाता है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और अर्जुन राम मेघवाल समेत भाजपा के वरिष्ठ नेता भी रैली में शामिल हुए।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button