बड़ी खबरविदेश

ट्रेड डील से पहले ट्रंप ने दिखाई नरमी, भारत पर टैरिफ की तलवार 1 अगस्त तक टाला, लिया ये बड़ा फैसला

अमेरिका-भारत ट्रेड डील पर सस्पेंस बरकरार है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नरम रुख अपनाया है। ट्रंप ने भारत पर जवाबी टैरिफ लगाने के फैसले को 1 अगस्त तक टाल दिया है। इस फैसले से भारतीय निर्यातकों को राहत मिलेगी। साथ ही भारत और अमेरिका को ट्रेड डील समझौते को अंतिम रूप देने के लिए लंबित मुद्दों को सुलझाने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। ट्रंप प्रशासन ने सोमवार को विभिन्न देशों को ‘पत्र’ भेजे जिसमें उन देशों के उत्पादों पर अमेरिका द्वारा लगाए जाने वाले शुल्कों का ब्योरा है। इन देशों में हालांकि भारत को शामिल नहीं किया गया। आपको बता दें कि 2 अप्रैल को अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर 26% का एक्स्ट्रा टैरिफ लगाने का ऐलान किया था, लेकिन इसे 90 दिनों के लिए स्थगित कर दिया था। यह तारीख 9 जुलाई को खत्म हो रही है। अब इसे 1 अगस्त तक बढ़ा दिया गया है।

अमेरिका भारत का सबसे बड़ा ट्रेड पार्टनर

वित्त वर्ष 2021-22 से अमेरिका भारत का सबसे बड़ा  ट्रेड पार्टनर रहा है। वस्तुओं का बाइलेट्रल ट्रेड 2024-25 में 131.84 अरब अमेरिकी डॉलर रहा था। इसमें 86.51 अरब डॉलर का निर्यात, 45.33 अरब डॉलर का आयात और 41.18 अरब डॉलर का व्यापार अधिशेष शामिल है।

इन देशों को टैरिफ का लगा झटका 

बांग्लादेश, बोस्निया एंड हर्जेगोविना, कंबोडिया, इंडोनेशिया, जापान, कजाकिस्तान, लाओ पीपुल्स डेमोक्रेटिक रिपब्लिक, मलेशिया, सर्बिया, दक्षिण अफ्रीका, दक्षिण कोरिया, थाईलैंड और ट्यूनीशिया को ट्रंप द्वारा हस्ताक्षरित पत्र भेजे गए हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति ने एक अलग कार्यकारी आदेश में कई अन्य देशों पर बढ़ाए गए शुल्क को टालने की अवधि एक अगस्त तक बढ़ा दी है। शुल्क पर यह 90 दिवसीय निलंबन नौ जुलाई को समाप्त होना था। इस निर्णय पर टिप्पणी करते हुए निर्यातकों ने कहा कि जवाबी शुल्क लगाने को नौ जुलाई से एक अगस्त तक स्थगित करना अमेरिका की अपने व्यापारिक साझेदारों के साथ रचनात्मक रूप से जुड़ने की इच्छा को दर्शाता है।

भारत के लिए राहत की बात

अंतरराष्ट्रीय व्यापार विशेषज्ञ विश्वजीत धर ने कहा कि यह भारत के लिए राहत की बात है। उन्होंने कहा कि मैं इसे राहत की बात मानता हूं और यह प्रतिक्रिया भारत द्वारा कुछ मुद्दों पर कड़ा रुख अपनाने के कारण आई है। मुंबई स्थित निर्यातक एवं टेक्नोक्राफ्ट इंडस्ट्रीज (इंडिया) के संस्थापक शरद कुमार सराफ ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ‘‘बहुत अप्रत्याशित’’ व्यक्ति हैं। सराफ ने कहा कि शुल्क निलंबन की अवधि बहुत कम है। भारतीय निर्यातकों को निर्यात बढ़ाने के लिए नए बाजार तलाशने चाहिए। भारत और अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने इस साल की शरद ऋतु (सितंबर-अक्टूबर) तक पहले चरण को पूरा करने का लक्ष्य रहा है। अधिकारियों के अनुसार, भारत ने अंतरिम व्यापार समझौते पर अमेरिकी अधिकारियों के समक्ष अपना रुख पहले ही स्पष्ट कर दिया है और अब फैसला अमेरिका को करना है।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button