देशबड़ी खबर

शरद पवार का दावा, पूर्व प्रधानमंत्रियों ने नया भारत बनाने के लिए काम किया, पीएम मोदी केवल आलोचना करते हैं

अमरावती। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के नेता शरद पवार ने सोमवार को दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्रियों ने एक नया भारत बनाने के लिए काम किया लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी केवल दूसरों की आलोचना करते हैं और यह नहीं बताते हैं कि उनकी सरकार ने पिछले 10 वर्ष में लोगों के लिए क्या किया।

अमरावती में महा विकास आघाडी के उम्मीदवार के लिए एक रैली को संबोधित करते हुए पवार ने कहा कि देश के प्रति पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के योगदान पर सवाल नहीं उठाया जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि कुछ भाजपा नेताओं ने संविधान बदलने के बारे में सार्वजनिक तौर पर बात रखी है। उन्होंने लोगों से भारत में तानाशाही न आने देने की अपील की।

अमरावती लोकसभा क्षेत्र में दिलचस्प चुनावी मुकाबला देखा जा रहा है जहां कांग्रेस के बलवंत वानखेड़े के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने निवर्तमान सांसद नवनीत राणा को प्रत्याशी बनाया है। राणा ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर 2019 का चुनाव लड़ा था और सांसद निर्वाचित हुई थीं। पवार ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी डर पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के नक्शे कदम पर चल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वह 2019 के चुनावों में एक उम्मीदवार (नवनीत राणा) का समर्थन करने की ‘गलती’ के लिए अमरावती के लोगों से माफी मांगने आए हैं। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले चुनावों में मैंने लोगों का समर्थन मांगा था और (राणा को चुनने की) अपील की थी। मैंने जिस उम्मीदवार के लिए अपील की थी, लोगों ने उन्हें जिताया। इस गलती को सुधारने का वक्त आ गया है।’’

कांग्रेस नेता वानखेड़े शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे), राकांपा (एसपी) और कांग्रेस वाले महा विकास आघाडी के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। पवार ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के बाद मैंने इंदिरा गांधी, राजीव गांधी और नरसिम्हा राव से लेकर मनमोहन सिंह तक लगभग सभी प्रधानमंत्रियों की कार्यशैली देखी। उनके प्रयास एक नया भारत बनाने के लिए थे लेकिन निवर्तमान प्रधानमंत्री केवल आलोचना करते हैं।’’

उन्होंने कहा कि इतिहास में कोई भी पूर्व प्रधानमंत्री जवाहलाल नेहरू के योगदान को नहीं भूल सकता लेकिन प्रधानमंत्री (मोदी) लगातार उनकी आलोचना करते हैं। पवार ने कहा, ‘‘पिछले 10 वर्ष में केंद्र सरकार ने क्या किया है, यह बताने के बजाय वह (मोदी) दूसरों की आलोचना करते रहते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमें डर है कि भारत में एक नया पुतिन पैदा हो रहा है।’’

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button