देशबड़ी खबर

संजय राउत और उनके भाई को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में दो गिरफ्तार

मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत और उनके विधायक भाई को कथित रूप से जान से मारने की धमकी मिलने के बाद शनिवार को दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। राउत ने शुक्रवार को दावा किया था कि उन्हें और उनके भाई को जान से मारने की धमकी मिली है। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार से इसे गंभीरता से लेने की मांग की थी।

एक अधिकारी ने कहा कि आरोपियों में से एक ऑटोरिक्शा चालक और एक अन्य व्यक्ति को पूर्वी उपनगर गोवंडी से शुक्रवार को ही हिरासत में लिया गया था, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने से पहले मामले में एक आधिकारिक शिकायत का इंतजार किया। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी से पता चलता है कि उन्होंने शराब के नशे में राउत बंधुओं को धमकी भरे कॉल किए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विस्तृत जांच जारी है।

राउत ने पत्रकारों से कहा था, ‘‘मुझे नहीं बल्कि, इस सरकार को इसे (उन्हें और उनके भाई को मिली धमकी को) गंभीरता से लेना चाहिए। यह मामला पुलिस के पास है और उसे उस पर गौर करना होगा।’’ संजय राउत ने दावा किया था, ‘‘मेरे भाई सुनील राउत को धमकी मिली। मैंने (अपनी धमकी के बारे में) कोई शिकायत नहीं दर्ज करायी। हमें उसकी (धमकी की) चिंता नहीं है।’’

अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने गिरफ्तार लोगों के खिलाफ धारा 506-द्वितीय (आपराधिक धमकी – जान से मारने या गंभीर चोट पहुंचाने की धमकी) और भारतीय दंड संहिता की अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button