उत्तराखंड में बनेगा 160 किमी का रोपवे नेटवर्क, 51 परियोजनाएं प्रस्तावित

उत्तराखंड में पर्वतीय क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को बेहतर करने के लिए रोपवे परियोजनाओं पर काम तेज किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर राज्य और केंद्र सरकार की साझेदारी से करीब 160 किलोमीटर लंबाई की 51 रोपवे परियोजनाएं प्रस्तावित की गई हैं।
प्रस्तावित नेटवर्क में केदारनाथ और हेमकुंड साहिब जैसे प्रमुख तीर्थस्थलों के साथ नैनीताल, मसूरी और कैंची धाम से जुड़े रूट भी शामिल हैं। सितंबर 2026 में काठगोदाम-ज्योलीकोट से कैंची धाम तक रोपवे कनेक्टिविटी को लेकर भी प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है।
सरकार के अनुसार, उत्तराखंड की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में रोपवे सड़क परिवहन के एक वैकल्पिक साधन के रूप में काम कर सकता है। इससे धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होने के साथ पर्वतीय सड़कों पर यातायात के दबाव को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
केदारनाथ रोपवे परियोजना के लिए केंद्र सरकार पहले ही सोनप्रयाग से केदारनाथ तक 12.9 किलोमीटर लंबे रोपवे को मंजूरी दे चुकी है। इस परियोजना की अनुमानित लागत 4,081.28 करोड़ रुपये है और इसे पर्वतमाला परियोजना के तहत विकसित किया जाना है।
इन परियोजनाओं से तीर्थाटन और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना जताई गई है। राज्य सरकार ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को परियोजनाओं की प्रक्रिया तेज करने और समयबद्ध तरीके से काम आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।



