उत्तराखंड में 826 स्कूल बंद होने पर CJP का अल्टीमेटम, 10 दिन में मांगा जवाब

उत्तराखंड में सरकारी स्कूलों के बंद होने का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। CJP ने दावा किया है कि पिछले पांच वर्षों में प्रदेश के 826 प्राथमिक विद्यालय बंद हुए हैं। संगठन ने सरकार से स्कूलवार स्थिति, बंद किए जाने के कारण और वहां पढ़ने वाले बच्चों की शिक्षा के लिए की गई वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी मांगी है।
देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता में CJP के नार्थ जोन संयोजक श्रेष्ठ सिंह खेड़ा ने शिक्षकों की कमी, स्कूल भवनों की स्थिति और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि संगठन सरकार से इस संबंध में स्पष्ट रिपोर्ट चाहता है।
CJP ने सरकार को 10 दिन का समय दिया है। संगठन की ओर से कहा गया है कि तय अवधि में ठोस रोडमैप सामने नहीं आने पर दो अक्टूबर के बाद देहरादून में आंदोलन शुरू किया जाएगा। संगठन ने अपने अभियान को ‘स्कूल बचाओ अभियान’ नाम दिया है।
प्रेस वार्ता में संगठन की ओर से कुछ सरकारी विद्यालयों में विषयवार शिक्षकों की कमी का भी दावा किया गया। इसके अलावा 270 स्कूलों में पेयजल सुविधा नहीं होने का दावा करते हुए शिक्षा व्यवस्था में बुनियादी संसाधनों की उपलब्धता पर सवाल उठाए गए। ये आंकड़े और दावे संगठन की ओर से रखे गए हैं।



