युद्ध अभ्यास 2026 में भारतीय श्वानों का पराक्रम, अमेरिकी सैनिक हुए प्रभावित
उत्तराखंड के औली में चल रहे भारत-अमेरिका संयुक्त सैन्य अभ्यास में भारतीय सेना के चार प्रशिक्षित श्वान—राइस, विक्टर, जैक और राउडी—ने विभिन्न सामरिक अभ्यासों में हिस्सा लिया। इनमें विक्टर और राउडी भारतीय नस्ल रामपुर हाउंड से हैं।
अभ्यास के दौरान श्वानों ने अपने हैंडलर्स के साथ रूम इंटरवेंशन और रस्सी के सहारे उतरने यानी रैपलिंग जैसी ड्रिल में अपनी ट्रेनिंग का प्रदर्शन किया। अमेरिकी सेना की आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक रूम-क्लियरिंग प्रदर्शन में भारतीय सेना के कैनाइन और एक रोबोटिक डॉग भी शामिल थे।
भारतीय सेना में स्वदेशी नस्लों को सैन्य भूमिकाओं में शामिल करने पर भी जोर दिया जा रहा है। रामपुर हाउंड श्वानों ने पहले बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यासों में अपनी क्षमता दिखाई है और मणिपुर सीमा पर तैनाती के दौरान आईईडी का पता लगाने में भी सफलता हासिल की थी।
युद्ध अभ्यास-2026 का 22वां संस्करण 15 सितंबर से शुरू हुआ है और यह उत्तराखंड के औली फॉरेन ट्रेनिंग नोड तथा राजस्थान के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में आयोजित किया जा रहा है। अभ्यास में दोनों देशों के करीब 600-600 सैन्यकर्मी हिस्सा ले रहे हैं।



