देश

केंद्र सरकार का बड़ा एक्शन, गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को घोषित किया आतंकी

नई दिल्ली। कनाडा में रह रहे गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को सरकार ने सोमवार को आतंकवाद रोधी कानून के तहत आतंकवादी घोषित कर दिया, जिसे पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का ‘मास्टरमाइंड’ बताया जाता है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक अधिसूचना में कहा कि पाकिस्तान स्थित एजेंसी से मदद पा रहा सतिंदरजीत सिंह उर्फ ​​गोल्डी बराड़ कई हत्याओं में शामिल रहा है और कट्टरपंथी विचारधारा का प्रसार करता है। वह राष्ट्रवाद समर्थक नेताओं को धमकी भरे फोन करने, फिरौती मांगने और विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर हत्याओं की जिम्मेदारी भी लेता रहा है। प्रतिबंधित बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़ा बराड़ हत्याओं को अंजाम देने के लिए सीमा पार से ड्रोन के जरिए आधुनिक हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री की तस्करी तथा आपूर्ति करने और ‘शार्पशूटर’ उपलब्ध कराने में भी शामिल रहा है। वह पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब का निवासी है और वर्तमान में कनाडा के ब्रैम्पटन में रह रहा है।

गृह मंत्रालय ने कहा कि बराड़ और उसके सहयोगी पंजाब में तोड़फोड़, आतंकवादी मॉड्यूल को खड़ा करने, लक्षित हत्याओं और अन्य राष्ट्र विरोधी गतिविधियों सहित नापाक मंसूबों के माध्यम से शांति, सांप्रदायिक सद्भाव और कानून व्यवस्था को बाधित करने की साजिश रचते रहे हैं। इंटरपोल ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर रखा है और उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी है।

अधिसूचना में कहा गया कि केंद्र सरकार का मानना ​​है कि सतविंदर सिंह उर्फ ​​सतिंदरजीत सिंह उर्फ ​​गोल्डी बराड़ आतंकवादी गतिविधियों में शामिल है और इसलिए उसे गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए), 1967 के तहत आतंकवादी घोषित किया जाता है। बराड़ को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के प्रमुख सदस्य के रूप में भी जाना जाता है और उसने 29 मई, 2022 को पंजाब के लोकप्रिय गायक मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी ली थी।

कौन है गोल्डी बराड़?
पंजाब के मुक्तसर साहिब का रहने वाला बराड़ 2017 में कनाडा चला गया था। जून 2023 में गायक और रैपर हनी सिंह ने बराड़ पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की थी।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button