देश

वडोदरा पुल हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 15 हुई, महिसागर नदी से 4 और शव हुए बरामद

वडोदरा। गुजरात के वडोदरा जिले में महिसागर नदी पर बने पुल के ढहने की घटना में चार और शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। बुधवार सुबह पादरा कस्बे के निकट गंभीरा गांव के पास चार दशक पुराने पुल का एक हिस्सा ढह जाने से कई वाहन महिसागर नदी में गिर गए। यह पुल आणंद और वडोदरा जिलों को जोड़ता है। वडोदरा के जिलाधिकारी अनिल धमेलिया के अनुसार कम से कम तीन व्यक्ति अब भी लापता हैं।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम नदी में जीवित बचे लोगों या शवों की तलाश कर रही हैं। धमेलिया ने घटनास्थल पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम नदी में चार किलोमीटर नीचे तक तलाश अभियान चला रही हैं। हमारे पास उपलब्ध सूची के अनुसार अब तक 15 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि तीन लोग अब भी लापता हैं। लोग अन्य लापता व्यक्तियों के बारे में जानकारी देने के लिए हमारे नियंत्रण कक्ष पर कॉल कर सकते हैं।’’

उन्होंने कहा कि जिन तीन लोगों के लापता होने के बारे में पता चला है, उनके अलावा अन्य लोग भी लापता हो सकते हैं क्योंकि एक कार और नदी में गिरे वाहनों में शामिल एक मिनी ट्रक में सवार लोगों के बारे में कोई विशेष जानकारी उपलब्ध नहीं है। ये वाहन दलदल में फंस गए थे। जिलाधिकारी ने कहा, ‘‘बारिश और नदी में गहरे दलदल के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण हो गया है क्योंकि ऐसी स्थिति में कोई भी मशीन काम नहीं कर रही है। नदी के बीचोंबीच डूबे वाहनों के पास पहुंचने के लिए किनारे पर एक विशेष पुल का निर्माण किया जा रहा है।’’

अधिकारियों के अनुसार, मध्य गुजरात को राज्य के सौराष्ट्र से जोड़ने वाले गंभीरा-मुजपुर पुल का एक स्लैब बुधवार सुबह करीब सात बजे ढह गया जिससे पुल से गुजर रहे वाहन नदी में गिर गए। वडोदरा जिले के पुलिस अधीक्षक रोहन आनंद ने इससे पहले बताया था कि बचाए गए नौ लोगों में से पांच लोग घायल हैं और उनका वडोदरा के एसएसजी (सर सैयाजीराव जनरल) अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि घायलों में से किसी की भी हालत गंभीर नहीं है। एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, सड़क एवं भवन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम उच्च स्तरीय जांच के लिए बृहस्पतिवार सुबह यहां पहुंची।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button