घर या प्लॉट खरीदते समय रखें ये ज़रूरी बातें | प्रॉपर्टी खरीदने की सावधानियां

घर या प्लॉट खरीदना हर व्यक्ति का सपना होता है, लेकिन अक्सर जानकारी की कमी या लापरवाही भारी नुकसान करा देती है। कई बार लोग बिना सही जांच-पड़ताल के प्रॉपर्टी खरीद लेते हैं और बाद में धोखाधड़ी या कानूनी विवादों में फंस जाते हैं। इसलिए किसी भी घर, फ्लैट या प्लॉट को खरीदने से पहले कुछ महत्वपूर्ण बातों का ध्यान रखना बेहद ज़रूरी है।
सबसे पहले यह सुनिश्चित करें कि जिस प्रॉपर्टी को आप खरीद रहे हैं, उसका टाइटल (स्वामित्व प्रमाण पत्र) साफ-सुथरा हो। टाइटल क्लियर न होने पर भविष्य में विवाद हो सकता है। इसके साथ ही रजिस्ट्री, खसरा-खतौनी और बिक्री पत्र जैसे दस्तावेजों की पूरी जांच करें। अगर प्लॉट खरीद रहे हैं तो देख लें कि वह जमीन रेजिडेंशियल (आवासीय) है या एग्रीकल्चरल (कृषि भूमि)। कई बार लोग कृषि भूमि बेच देते हैं, जिस पर घर बनवाना कानूनी रूप से गलत होता है।
दूसरी सबसे ज़रूरी बात यह है कि प्रॉपर्टी पर कोई लोन या बकाया तो नहीं है। इसके लिए बैंक से नो ड्यूज सर्टिफिकेट अवश्य लें। साथ ही यह भी देखें कि बिल्डर या मालिक ने प्रॉपर्टी पर पहले से किसी और को बेचा या गिरवी तो नहीं रखा है।
यदि आप बिल्डर प्रोजेक्ट से फ्लैट ले रहे हैं, तो यह जांचना ज़रूरी है कि प्रोजेक्ट RERA (रीयल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी) में रजिस्टर्ड है या नहीं। रेरा में पंजीकृत प्रोजेक्ट सुरक्षित माने जाते हैं और इससे धोखाधड़ी की संभावना कम हो जाती है।
इसके अलावा खरीदी जाने वाली प्रॉपर्टी के आसपास की लोकेशन, कनेक्टिविटी और सुविधाएं भी ध्यान से देखें। क्योंकि गलत जगह पर लिया गया घर या प्लॉट बाद में आपके लिए परेशानी का कारण बन सकता है।
याद रखें, प्रॉपर्टी खरीदने में जल्दबाज़ी कभी न करें। अगर ज़रूरत हो तो किसी अच्छे वकील या प्रॉपर्टी कंसल्टेंट से राय लें। इन छोटी-छोटी सावधानियों से आप न सिर्फ़ अपने सपनों का घर सुरक्षित रूप से खरीद सकते हैं, बल्कि कोर्ट-कचहरी के झंझटों से भी बच सकते हैं।



