मानसून का परफेक्ट स्नैक: पनीर टिक्का रेसिपी | शेफ से जानें पनीर टिक्का बनाने का आसान तरीका

बारिश के मौसम में गर्मागर्म स्नैक्स खाने का मज़ा ही कुछ और होता है। चाय के साथ जब मसालेदार और स्वाद से भरपूर पनीर टिक्का प्लेट में सजकर सामने आ जाए, तो मानो स्वाद दोगुना हो जाता है। यही कारण है कि मानसून के दौरान पनीर टिक्का को लोग सबसे ज़्यादा पसंद करते हैं। बाहर की बजाय अगर आप इसे घर पर ही बनाएंगे तो यह और भी हेल्दी और टेस्टी बन सकता है।
सामग्री की तैयारी:
पनीर टिक्का बनाने के लिए सबसे पहले 250-300 ग्राम पनीर को क्यूब्स में काट लें। मैरिनेशन के लिए दही, अदरक-लहसुन पेस्ट, नींबू का रस, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, गरम मसाला, धनिया पाउडर और थोड़ा सा नमक लें। इन सभी मसालों को दही में मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें।
मैरिनेशन:
अब पनीर के टुकड़ों के साथ-साथ शिमला मिर्च, प्याज और टमाटर के टुकड़ों को भी इस मसाले में डालकर अच्छे से लपेटें। कम से कम 30 मिनट तक इसे मेरिनेट होने के लिए रख दें, ताकि मसाले पनीर और सब्जियों में अच्छे से समा जाएं।
पकाने की विधि:
मैरिनेट किए हुए पनीर और सब्जियों को सीक में लगाकर तंदूर, ओवन या नॉन-स्टिक पैन पर हल्की आंच पर सेंक लें। बीच-बीच में बटर या तेल लगाते रहें, जिससे टिक्का और भी स्वादिष्ट और जूसी बने। जब यह सुनहरा और हल्का कुरकुरा हो जाए, तो इसे उतार लें।
सर्विंग टिप्स:
पनीर टिक्का को हरी चटनी और प्याज के सलाद के साथ परोसें। चाहें तो ऊपर से थोड़ा चाट मसाला और नींबू का रस छिड़क दें।
बारिश की ठंडी हवा में गरमागरम पनीर टिक्का और अदरक वाली चाय का कॉम्बिनेशन मानसून को और भी यादगार बना देता है। यह स्नैक न केवल स्वाद में लाजवाब है, बल्कि हेल्दी भी है क्योंकि इसमें प्रोटीन और सब्जियों का सही संतुलन होता है।



