
इजरायल की चर्चित वेब सीरीज Tehran की निर्माता Dana Eden का अचानक निधन हो गया है। वह ग्रीस की राजधानी Athens के एक होटल में मृत पाई गईं। इस खबर के सामने आते ही इजरायली मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, डाना ईडन काम के सिलसिले में एथेंस गई हुई थीं। होटल स्टाफ ने जब लंबे समय तक उनके कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो प्रशासन को सूचना दी गई, जिसके बाद उनका शव बरामद किया गया। हालांकि उनकी मौत के कारणों को लेकर अभी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है और स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है। डाना ईडन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाली सीरीज ‘तेहरान’ जासूसी और थ्रिलर ड्रामा पर आधारित थी, जिसे दुनियाभर में दर्शकों ने सराहा। इस सीरीज ने इजरायली कंटेंट को वैश्विक मंच पर मजबूत पहचान दिलाई और कई प्रतिष्ठित अवॉर्ड्स भी अपने नाम किए। डाना ईडन ने अपने करियर में कई प्रभावशाली प्रोजेक्ट्स पर काम किया और इजरायल के टेलीविजन इंडस्ट्री में एक सशक्त महिला निर्माता के रूप में अपनी पहचान बनाई। उनके सहयोगियों और कलाकारों ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए उन्हें दूरदर्शी, संवेदनशील और रचनात्मक व्यक्तित्व बताया है। डाना ईडन का इस तरह अचानक चले जाना मनोरंजन जगत के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं, जबकि पूरी इंडस्ट्री उनके योगदान को याद कर श्रद्धांजलि दे रही है।



