कैबिनेट : ओबरा में 18 हजार करोड़ में दो पावर प्लांट स्थापित करेगी योगी सरकार

- मुख्यमंत्री योगी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार सोनभद्र के ओबरा मे 800 मेगा वाट के दो पॉवर प्लांट स्थापित करेगी। इन दोनों प्लांट पर लगभग 18 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में ऊर्जा विभाग समेत कई अन्य विभागों के प्रस्ताव को मंजूरी मिली है।
कैबिनेट बैठक के बाद ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि यह पावर प्लांट उत्तर प्रदेश का पहला अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल पॉवर प्लांट होगा। राज्य सरकार और एनटीपीसी का 50-50 फीसद का संयुक्त प्रोजेक्ट, ओबरा डी के नाम से स्थापित होगा। सरकार ने पहला प्लांट 50 महीने में स्थापित होने की संभावना जताई है। दूसरे प्लांट की 56 महीने में संभावना है। दोनो प्लांट पर कुल लागत 17 हजार 985 करोड़ रुपये आएगी।
कैबिनेट बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली है। जनपद रामपुर में शाहाबाद – रामपुर – बाजपुर मार्ग (स्टेट हाइवे 144 ) के चैनेज 0 से चैनेज 30100 तक, चैनेज 48.754 से 7.246 तक कुल लम्बाई 57.592 किमी के चौड़ीकरण सुदृढ़ीकरण हेतु वित्तीय स्वीकृति मिली है। कुल लागत 02 अरब, 05 करोड़ 36 लाख, 51 हजार का अनुमोदन हुआ है। यह मार्ग रामपुर शाहाबाद से शुरु होकर उत्तरा खंड के जिम कार्बेट तक जाता है।