देशबड़ी खबर

सूरत में 1.53 लाख से अधिक लोगों ने एक साथ योग कर बनाया नया विश्व रिकॉर्ड बना : प्राधिकारी

सूरत (गुजरात)। गुजरात के सूरत शहर में बुधवार को एक स्थान पर 1.53 लाख से अधिक लोगों ने एक साथ योग कर नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया है। अधिकारियों ने बताया कि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों ने पुष्टि की कि सूरत में 1.53 लाख से अधिक लोगों ने योग सत्र में भाग लिया। पिछला विश्व रिकॉर्ड राजस्थान के कोटा शहर में 2018 में बनाया गया था, तब 1,00,984 लोगों ने एक स्थान पर योग दिवस कार्यक्रम में भाग लिया था। गुजरात के गृह राज्यमंत्री हर्ष सांघवी ने कहा, सूरत में योग दिवस कार्यक्रम में एक स्थान पर योग सत्र में सबसे अधिक संख्या में लोगों के जुटने का नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम हुआ है।

इस कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया, जिससे पिछला रिकॉर्ड टूट गया। इस बीच, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सूरत के डुमास इलाके में राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। सूरत नगर निगम की आयुक्त शालिनी अग्रवाल ने कहा, राज्य सरकार ने सूरत में योग सत्र के लिए 1.25 लाख लोगों का लक्ष्य तय किया था जबकि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अधिकारियों ने पुष्टि की कि आयोजन स्थल पर 1.50 लाख से अधिक लोग एकत्रित हुए। सूरत के जिलाधिकारी आयुष ओक ने बताया कि इस कार्यक्रम के बाद ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री पटेल को एक प्रमाणपत्र सौंपते हुए घोषणा की कि एक स्थान पर योग सत्र के लिए सबसे अधिक संख्या में लोगों के एकत्रित होने का एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया गया है।

ओक ने कहा, अपना पंजीकरण कराने वाले सभी भागीदारों को कलाई पर बांधने वाला एक बैंड दिया गया था जिसमें क्यूआर कोड लगा था जिसे प्रवेश के वक्त स्कैन किया गया। उन्होंने कहा, इस आंकड़े का इस्तेमाल कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों ने पुष्टि की कि यहां योग सत्र के लिए 1.53 लाख लोग एकत्रित हुए, जिससे राजस्थान के कोटा शहर में 2018 में बनाया गया पिछला रिकॉर्ड टूट गया जब एक स्थान पर योग दिवस समारोह में 1,00,984 लोगों ने भाग लिया था। मुख्यमंत्री पटेल ने सूरत में अपने संबोधन में कहा कि राज्य में 72,000 स्थानों पर योग दिवस कार्यक्रम में कुल 1.25 करोड़ लोगों ने हिस्सा लिया। पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने योग को दुनियाभर में लोकप्रिय बनाया है।

उन्होंने कहा, हमने देखा कि कोरोना वायरस महामारी के दौरान योग और प्राणायाम ने कैसे लोगों की मदद की। गुजरात में आज 72,000 जगहों पर आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में करीब 1.25 करोड़ लोग शामिल हुए। सूरत में एक लाख से अधिक लोगों ने एक साथ योग कर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राज्य सरकार योग को लोकप्रिय बनाने के लिए निकट भविष्य में 21 योग स्टूडियो खोलेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘राज्य योग बोर्ड ने अभी तक 5,000 लोगों को प्रशिक्षण दिया है। आने वाले दिनों में राज्य सरकार प्रदेश में 21 योग स्टूडियो खोलने की योजना बना रही है। सूरत में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राज्य-स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जबकि अन्य मंत्रियों, विधायकों, सांसदों और अधिकारियों ने विभिन्न जिलों में योग दिवस कार्यक्रम में भाग लिया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के जश्न के तौर पर राज्य सरकार ने योग दिवस मनाने के लिए 75 ‘ऐतिहासिक स्थलों’ का चयन किया था, जिनमें साबरमती रिवरफ्रंट (अहमदाबाद), स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (केवड़िया), कच्छ का रण और मोढेरा का सूर्य मंदिर शामिल हैं।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button