देशबड़ी खबर

राजग में शामिल होने की अटकलों के बीच जीतन राम मांझी ने की शाह से मुलाकात

नई दिल्ली। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने बुधवार को यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन भी मौजूद थे। शाह के आवास पर हुई इस मुलाकात के दौरान केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय भी उपस्थित थे।

राय बिहार के उजियारपुर से सांसद हैं। मांझी की भाजपा नेताओं से यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब उनके दल के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होने की अटकलें हैं। मांझी ने इसी साल अप्रैल महीने में भी शाह से मुलाकात की थी।

ज्ञात हो कि हम ने सोमवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार से समर्थन वापस ले लिया था। उनके इस कदम के बाद से उनके राजग में शामिल होने की चर्चा जोरों पर है। बिहार विधानसभा में हम के मांझी सहित चार विधायक हैं जबकि बिहार विधान परिषद के सदस्य सुमन ने एक सप्ताह पहले राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था।

मांझी ने आरोप लगाया था कि नीतीश कुमार उनकी पार्टी का जनता दल (यूनाइटेड) में विलय करने का दबाव डाल रहे थे। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में जद (यू) की करारी हार के बाद नीतीश कुमार द्वारा मुख्यमंत्री पद के लिए चुने गए मांझी ने 2015 में जब कुमार को कुर्सी सौंपने की बात आई थी तो बगावत कर दी थी और भाजपा से हाथ मिला लिया था।

वह 2019 के लोकसभा चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेतृत्व वाले गठबंधन का हिस्सा थे। इस चुनाव को जद (यू) और भाजपा ने एक साथ लड़ा था। बिहार के कुछ हिस्सों में मांझी समुदाय में जीतन राम मांझी का खासा प्रभाव है। सत्तारूढ़ महागठबंधन के पास लगभग 160 विधायक हैं। इस गठबंधन में जदयू, राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस और तीन वाम दल शामिल हैं। 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में बहुमत के लिए 122 विधायकों की जरूरत होती है।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button