बड़ी खबर

राजौरी आतंकी हमले के दोषियों को भारी कीमत चुकानी होगी: उपराज्यपाल मनोज सिन्हा

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को कहा कि राजौरी जिले के डांगरीगांव में हाल में हुए आतंकवादी हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को इस जघन्य हमले की भारी कीमत चुकानी होगी। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम आवाम की आवाज में केंद्र शासित प्रदेश के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एकजुट है। दरअसल, एक और दो जनवरी को राजौरी के डांगरी गांव में आतंकवादियों द्वारा किए गए दो हमलों में एक विशेष समुदाय के सात लोगों की मौत हो गयी थी और 14 अन्य घायल हो गए थे।

उपराज्यपाल सिन्हा ने राजौरी आतंकी हमले में जान गंवाने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि शहीदों के परिवार गरिमापूर्ण जीवन व्यतीत करें, यह सुनिश्चित करने के लिए ठोस उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आतंकवादियों को अपने जघन्य कृत्य की भारी कीमत चुकानी होगी। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में पूरा देश एकजुट है।’’ उपराज्यपाल ने कहा,‘‘ हम एक नए साल में प्रवेश कर चुके हैं और संकल्प से एकजुट हैं। हमने 2022 में कई चुनौतियों पर विजय प्राप्त की है और अर्थव्यवस्था के कई क्षेत्रों में नए मील के पत्थर हासिल किए हैं। ’’ मनोज सिन्हा ने कहा, ‘‘ प्रशासन की ओर से की गयीं नयी पहलों ने आम आदमी की आकांक्षाओं को पूरा करने में मदद की है। आज हमारे सामने लक्ष्य स्पष्ट है। सक्रिय जनभागीदारी से हम जम्मू-कश्मीर के तीव्र, समावेशी, न्यायसंगत और सतत विकास के पथ पर बढ़ रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि परियोजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए लोगों की भागीदारी जरूरी है।

उपराज्यपाल ने मानवता की निःस्वार्थ सेवा करने वाले नागरिकों की प्रेरक कहानियों को साझा करते हुए महिला परिवर्तन निर्माताओं का विशेष उल्लेख किया, जो समाज में सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन ला रही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ महिलाएं सामाजिक परिवर्तन की प्रमुख चालक हैं। हमें उन लोगों से भी प्रेरणा लेनी चाहिए जो नारी शक्ति के शानदार उदाहरण हैं और दूसरों को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाते हैं।’’ उपराज्यपाल ने सामाजिक परिवर्तन के लिए जम्मू- कश्मीर के युवाओं द्वारा निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए वंचित छात्रों के लिए एक पुस्तकालय स्थापित करने और युवा पीढ़ी के भविष्य को आकार देने के लिए बडगाम के दो युवाओं के काम की सराहना की।

मनोज सिन्हा ने कहा, ‘‘ करुणा सामाजिक विकास की कुंजी है। समाज के अधिक से अधिक प्रबुद्ध लोगों को आगे आना चाहिए और लोक कल्याण की दिशा में प्रशासन के प्रयासों को मजबूत करना चाहिए। ’’ उन्होंने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और प्रगतिशील किसानों तथा कृषि उद्यमियों को केंद्र शासित प्रदेश में नए युग की कृषि के लिए प्रोत्साहित करने के लिए जम्मू- कश्मीर प्रशासन की प्रतिबद्धता को दोहराया। उपराज्यपाल ने गणतंत्र दिवस की अग्रिम बधाई भी दी और सभी से राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को लेकर आत्मनिरीक्षण करने, समानता और सामाजिक न्याय के संकल्प को पूरा करने और जम्मू-कश्मीर समेत पूरे भारत को बेहतर, समृद्ध और सुरक्षित बनाने का आग्रह किया।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button