देश

सांसद नवनीत राणा के आवास पर प्रदर्शन करने वाले 16 शिवसेना कार्यकर्ता गिरफ्तार

मुंबई। मुंबई के खार इलाके में सांसद नवनीत राणा और विधायक रवि राणा के आवास के बाहर प्रदर्शन करने के मामले में पुलिस ने अब तक शिवसेना के 16 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। इनमें 6 शिवसेना कार्यकर्ताओं को रविवार दोपहर तथा 10 कार्यकर्ताओं को रविवार देर रात गिरफ्तार किया है। इन सभी 16 शिवसेना कार्यकर्ताओं को सोमवार को कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार अमरावती संसदीय क्षेत्र की सांसद नवनीत तथा उनके पति विधायक रवि (राणा दंपत्ति) ने मुख्यमंत्री के निजी आवास मातोश्री में जाकर 23 अप्रैल को हनुमान चालीसा का पाठ करने की चुनौती दी थी। इसीलिए राणा दंपत्ति उस दिन अमरावती से मुंबई आए थे और इसके बाद मीडिया में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, पुलिस प्रशासन तथा राज्य सरकार के विरुद्ध प्रक्षोभक बयानबाजी की थी। इसके बाद शिवसेना कार्यकर्ता मातोश्री बंगले आसपास तथा राणा दंपत्ति के आवास के आसपास जमा हो गए थे।

उग्र शिवसेना कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को तोड़कर उस बिल्डिंग में घुसने की कोशिश की थी, जहां राणा दंपत्ति ठहरे हुए थे। इस मामले की शिकायत सांसद नवनीत राणा ने पुलिस को दी थी। इसी शिकायत के आधार पर खार पुलिस स्टेशन की टीम ने तकरीबन 40 शिवसेना कार्यकर्ताओं पर मामला दर्ज किया है और अब तक 16 शिवसेना कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है। इन सभी शिवसेना कार्यकर्ताओं से पुलिस की पूछताछ जारी है और अन्य शिवसेना कार्यकर्ताओं को भी पुलिस सरगर्मी से तलाश रही है।

भायखला जेल में सांसद नवनीत राणा की तबीयत बिगड़ी

मुंबई के भायखला महिला जेल में सांसद नवनीत राणा की तबीयत बिगड़ी गई और उनका इलाज जेल स्थित अस्पताल में कराया जा रहा है। नवनीत राणा हाई ब्लड प्रेशर से पीडि़त हैं और उन्हें अन्य अस्पताल में शिफ्ट किया जा सकता है। रविवार को बांद्रा मजिस्ट्रेट कोर्ट से राजद्रोह की आरोपित सांसद नवनीत राणा तथा उनके विधायक पति रवि राणा को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इसके बाद पुलिस ने नवनीत राणा तथा रवि राणा का कोरोना टेस्ट करवाया। इन दोनों की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई, इसी वजह पुलिस ने नवनीत राणा को भायखला महिला जेल तथा रवि राणा को तलोजा जेल में भेज दिया था। जेल पहुंचने के बाद नवनीत राणा का ब्लड प्रेशर बढ़ गया, जिससे उन्हें जेल में ही स्थित अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

उल्लेखनीय है कि अमरावती संसदीय क्षेत्र की सांसद नवनीत राणा तथा विधायक रवि राणा अमरावती से मुंबई आकर मुख्यमंत्री के निजी आवास मातोश्री बंगले पर हनुमान चालीसा पढ़ने की चुनौती दी थी। इस दरम्यान राणा दंपत्ति ने मुख्यमंत्री के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग किया था और सरकार को चुनौती भी दी। उन्हें धारा 149 के तहत नोटिस दिया गया था कि शांति बनाए रखना आपका कर्तव्य है इसलिए आप वापस अमरावती जाएं। लेकिन उन्होंने नोटिस के बावजूद सरकार को चुनौती दी। इसलिए इन आरोपितों के खिलाफ धारा 124ए के तहत देशद्रोह का मामला भी दर्ज किया गया है। मजिस्ट्रेट कोर्ट की ओर से इन दोनों आरोपितों को 14 दिन की न्यायिक कस्टडी देने के बाद इनके वकील रिजवान मर्चंट ने जमानत की अर्जी कोर्ट में पेश की। लेकिन कोर्ट ने इन दोनों की जमानत पर सरकारी वकील प्रदीप घरात को 27 अप्रैल तक पुलिस का पक्ष रखने को कहा है और जमानत याचिका पर सुनवाई 29 अप्रैल को किए जाने का निर्णय लिया है।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button