देश

केरल नौका हादसा: पुलिस ने बनाई SIT, नौका मालिक पर लगाया हत्या का आरोप

मलप्पुरम (केरल)। उत्तर केरल के जिले में एक नौका हादसे में 22 लोगों की मौत के दो दिन बाद नाव के मालिक के खिलाफ हत्या के आरोप में मामला दर्ज किया गया है और उसे कोझीकोड के पास से गिरफ्तार किया गया है। मलप्पुरम जिला पुलिस प्रमुख सुजीत दास एस. ने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी दर्ज कर ली गई और उसे 24 घंटे के अंदर स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा।

वह घटना की जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) की अगुवाई कर रहे है। आरोप है कि नौका के मालिक के पास इसे संचालित करने का लाइसेंस नहीं था। दास ने यहां संवाददाताओं से कहा कि नौका मालिक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत भी मामला दर्ज किया गया है और इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच की जा रही है।

अधिकारी ने कहा, “ हम आईपीसी की धारा 302 के अपराध के तौर पर अदालत में एक रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।” उन्होंने कहा कि पुलिस ने हादसे के वक्त नौका पर मौजूद कुल कर्मचारियों की संख्या की अभी पुष्टि नहीं की है। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने कहा, “ उसका (नाव का) चालक दिनेशन फरार है। हम मालिक से अन्य कर्मचारियों के बारे में और जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।

इनकी गिरफ्तारी आने वाले दिनों में की जाएगी।” उन्होंने कहा कि नौका मालिक जांच में पूरा सहयोग कर रहा है। दुर्घटना के संबंध में कुछ हलकों से की गई पुलिस की आलोचना को खारिज करते हुए दास ने कहा कि इस तरह की नौकाओं का संचालन केरल अंतर्देशीय पोत अधिनियम के अनुसार बंदरगाह विभाग के अंतर्गत आता है।

इससे पहले दिन में, केरल के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनिल कांत ने रविवार शाम को मलप्पुरम जिले के तानुर इलाके में हुए नौका हादसे के मामले की जांच के लिए एक एसआईटी का गठन करने का आदेश जारी किया। इस हादसे में 22 लोग मारे गए हैं। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि आदेश के मुताबिक, मलप्पुरम जिला पुलिस प्रमुख सुजीत दास एस. को टीम के नेतृत्व का जिम्मा सौंपा गया है।

तानुर के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) वी. वी. बेन्नी, तानुर थाना प्रभारी जीवन जॉर्ज और कोंडोट्टी, सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) भरत रेड्डी विशेष जांच टीम में शामिल अन्य सदस्य होंगे। बयान के अनुसार, जांच उत्तर जोन के महानिरीक्षक (आईजी) नीरज कुमार गुप्ता की निगरानी में की जाएगी। बयान में कहा गया है कि डीजीपी को जांच पूरी करने और जल्द से जल्द रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया गया है।

इस मामले में सोमवार को न्यायिक जांच की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा था कि केरल पुलिस का विशेष जांच दल भी मामले में जांच करेगा। नौका रविवार को शाम करीब साढ़े सात बजे थूवलथीरम तट के निकट डूब गई थी। जिले के अधिकारियों के अनुसार, हादसे में मारे गए लोगों में से 15 नाबालिग हैं जिनकी उम्र आठ महीने से लेकर 17 वर्ष तक है और बताया जाता है कि नौका में 37 लोग सवार थे।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button