देश

लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी होंगे भारत के अगले सेनाध्यक्ष, जानें उनके बारे में सबकुछ

भारत में नई सरकार के गठन के तुरंत बाद भारतीय सेना को भी नया लीडर मिल गया है। केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी को भारतीय सेना का नया सेनाध्यक्ष बनाने का फैसला किया है। 30 जून की दोपहर से उपेन्द्र द्विवेदी भारतीय सेना की कमान संभाल लेंगे। आपको बता दें कि भारत के वर्तमान सेनाध्यक्ष जनरल मनोज पांडे का कार्यकाल 30 जून को समाप्त होने जा रहा है। अब उपेन्द्र द्विवेदी उनकी जगह लेंगे।

अभी सेना के उपप्रमुख हैं उपेन्द्र द्विवेदी 

लेफ्टिनेंट जनरल उपेन्द्र द्विवेदी PVSM, AVSM वर्तमान में भारतीय थल सेना के उपप्रमुख के रूप में कार्यरत हैं। 30 जून को वर्तमान सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे PVSM, AVSM, VSM के रिटायर होने के बाद द्विवेदी उनकी जगह लेंगे। उपेंद्र द्विवेदी को परम विशिष्ट सेवा पदक (पीवीएसएम), अति विशिष्ट सेवा पदक (एवीएसएम) और तीन जीओसी-इन-सी प्रशस्ति कार्ड से सम्मानित किया जा चुका है।

कहां-कहां दी है सेवा?

लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी का जन्म 1 जुलाई, 1964 को हुआ था। उन्हें 15 दिसंबर, 1984 को भारतीय सेना की इन्फैंट्री (जम्मू और कश्मीर राइफल्स) में नियुक्त किया गया था। उन्होंने करीब 40 साल तक विभिन्न कमान, स्टाफ, अनुदेशात्मक और विदेश में नियुक्तियों में कार्य किया है। उपेन्द्र द्विवेदी ने रेजिमेंट (18 जम्मू और कश्मीर राइफल्स), ब्रिगेड (26 सेक्टर असम राइफल्स), DIG असम राइफल्स (पूर्वी) और  9 कॉर्प्स में सेवाएं दी हैं। उपेंद्र द्विवेदी ने सेना के उप प्रमुख के रूप में नियुक्त होने से पहले 2022-2024 तक महानिदेशक इन्फेंट्री और जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ (मुख्यालय उत्तरी कमान) सहित महत्वपूर्ण पदों पर सेवा दी है।

रीवा सैनिक स्कूल से पढ़ाई

लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी सैनिक स्कूल रीवा, नेशनल डिफेंस कॉलेज और यूएस आर्मी वॉर कॉलेज के पूर्व छात्र रहे हैं। उन्होंने डीएसएससी वेलिंगटन और आर्मी वॉर कॉलेज, महू में भी पढ़ाई की है। उपेंद्र द्विवेदी के पास रक्षा और मैनेजमेंट में एम फिल व सामरिक अध्ययन और सैन्य विज्ञान में दो मास्टर डिग्री हैं।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button