हरिद्वार में उमड़ी शिव भक्तों की भीड़, 1.40 करोड़ कांवड़ियों ने अब तक भरा गंगाजल

पंचक समाप्त होते ही हरिद्वार में कांवड़ यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी देखने को मिली है। हर तरफ शिव भक्तों की भीड़ नजर आ रही है और हरिद्वार के घाटों पर गंगाजल भरने के लिए श्रद्धालुओं का लगातार आना जारी है।
प्रशासन के अनुसार, अब तक करीब 1.40 करोड़ कांवड़िये हरिद्वार पहुंचकर गंगाजल भर चुके हैं। श्रद्धालु हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों के साथ अपने-अपने गंतव्यों की ओर बढ़ रहे हैं।
कांवड़ यात्रा को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। यात्रा मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
हरिद्वार में भीड़ बढ़ने के साथ ही प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रमुख क्षेत्रों पर नजर रखी जा रही है, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके।
सावन महीने में होने वाली कांवड़ यात्रा देश की सबसे बड़ी धार्मिक यात्राओं में से एक मानी जाती है। हर साल लाखों शिव भक्त हरिद्वार और अन्य पवित्र स्थलों से गंगाजल लेकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं।



