देहरादून में हॉस्टलों पर पुलिस की सख्ती, 7 संचालकों को नोटिस

देहरादून में पीजी और हॉस्टलों को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। प्रेमनगर और पटेलनगर क्षेत्र में पुलिस टीमों ने देर रात हॉस्टल और पीजी की जांच की। इस दौरान संचालकों से वहां रह रहे छात्रों का रिकॉर्ड, सत्यापन और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी जानकारी ली गई।
पुलिस ने हॉस्टल संचालकों को सभी छात्रों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराने और परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। बाहरी लोगों के प्रवेश और आने-जाने वालों का रिकॉर्ड रखने को भी अनिवार्य बताया गया है।
कार्रवाई के दौरान सात हॉस्टल संचालकों को नोटिस जारी किया गया, जबकि एक संचालक का चालान किया गया। इसके अलावा देर रात अनावश्यक रूप से घूम रहे 17 युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद मामले की परिस्थितियों की जांच की।
पुलिस ने हॉस्टल संचालकों को चेतावनी दी है कि बिना सत्यापन छात्रों को ठहराने, नशीले पदार्थों के सेवन या अन्य आपत्तिजनक गतिविधियों की शिकायत मिलने पर संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के मुताबिक, छात्रों की सुरक्षा और शहर में बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीजी और हॉस्टलों में चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।



