देश

हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा की एकमात्र सीट के लिए वोटिंग समाप्त, सभी 68 विधायकों ने किया मतदान

शिमला। हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा की एकमात्र सीट पर चुनाव के लिए मंगलवार को मतदान समाप्त हो गया। मतदान सुबह नौ बजे शुरू हुआ था। सबसे आखिर में चिंतपूर्णी से कांग्रेस विधायक सुदर्शन बबलू ने वोट डाला। मतदान तेजी से हुआ और सभी 68 विधायकों ने मतदान किया है। अस्वस्थ होने के कारण कांग्रेस विधायक बबलू को हेलीकॉप्टर से विधानसभा लाया गया था। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वोट डालने के बाद कहा कि विधायकों ने पार्टी की विचारधारा के अनुरूप वोट किया है।

उन्होंने कहा, ‘‘विधानसभा में हमारे 40 विधायक हैं और यदि विधायकों को खरीदा नहीं गया होगा तो हमें सारे वोट मिलेंगे।’’ विपक्ष के नेता जय राम ठाकुर ने पहले कहा था कि वोट देना विधायकों का लोकतांत्रिक अधिकार है और यह जरूरी नहीं है कि उम्मीदवार निर्विरोध चुना जाए। उन्होंने कहा, ‘‘हमने स्थिति को देखते हुए उम्मीदवार खड़ा किया है और उम्मीद है कि सभी विधायक सोच-समझकर वोट देंगे।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी के खिलाफ हर्ष महाजन को मैदान में उतारा है। तीन बार कांग्रेस के विधायक रहे और राज्य के पूर्व मंत्री महाजन ने सितंबर 2022 में विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी से इस्तीफा दे दिया था और भाजपा में शामिल हो गए थे। कांग्रेस के पास 68 में से 40 विधायकों और तीन निर्दलीय विधायकों के समर्थन के साथ स्पष्ट बहुमत है।

कांग्रेस ने सिंघवी के लिए वोट सुनिश्चित करने के वास्ते अपने विधायकों को व्हिप जारी किया था, जिसके बाद भाजपा ने सत्तारूढ़ कांग्रेस पर अपने सदस्यों पर दबाव बनाने के लिए व्हिप जारी करने का आरोप लगाया और कहा कि विधायक लोकतांत्रिक तरीके से चुने गए हैं और उन्हें अपनी इच्छा के अनुसार वोट देने का अधिकार है। भाजपा उम्मीदवार ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त से इस संबंध में शिकायत की है और कांग्रेस उम्मीदवार को वोट देने के लिए उसके द्वारा जारी तीन पंक्ति के व्हिप की ओर उनका ध्यान दिलाया है।

Zee NewsTimes

Founded in 2018, Zee News Times has quickly emerged as a leading news source based in Lucknow, Uttar Pradesh. Our mission is to inspire, educate, and outfit our readers for a lifetime of adventure and stewardship, reflecting our commitment to providing comprehensive and reliable news coverage.

संबंधित समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button