दिल्ली वालों को प्यासा रखने के लिए साजिश के तहत जल संकट पैदा कर रही भाजपा : संजय सिंह

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राज्य सभा सदस्य संजय सिंह ने सोमवार को कहा कि दिल्ली में उत्पन्न जल संकट के लिए सीधे तौर पर भाजपा जिम्मेदार है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के अंदर पिछले कई दिनों से भाजपा द्वारा प्रायोजित पानी का संकट चल रहा है। भाजपा के लोग चाहते हैं कि दिल्ली के लोगों को पानी न मिले, उन्हें किसी भी तरह से पानी उपलब्ध न हो और इसके लिए वो हर तरह की साजिश रचने का प्रयास कर रहे हैं।

आज पार्टी मुख्यालय में प्रेस वार्ता में संजय सिंह ने कहा कि हरियाणा को एक निश्चित मात्रा में दिल्ली को पानी देना होता है। अगर वह निश्चित मात्रा से कम पानी देंगे तो जाहिर है कि दिल्ली में पानी की कमी हो जाएगी। पूरा पानी देने के बावजूद दिल्ली को मिलने वाले पानी में लगातार कमी की जा रही है। छह जून को 1002 एमजीडी, सात जून को 993 एमजीडी, आठ जून को 990 एमजीडी, नौ जून को 978 एमजीडी, 10 जून को 958 एमजीडी, 11 जून को 919 एमजीडी, 12 जून को 951 एमजीडी और 13 जून को 939 एमजीडी पानी दिल्ली को दिया गया। दिल्ली के हक के पानी की मांग की अपेक्षा हरियाणा से बहुत कम पानी मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय जल शक्ति मंत्री और हरियाणा के मुख्यमंत्री हमारी बात नहीं सुनते हैं, और पानी का संकट बढ़ाने के लिए कई साजिशें की जा रही हैं। पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी के नेतृत्व में भाजपा के लोगों ने रविवार को दिल्ली जल बोर्ड के ऑफिस में हंगामा और तोड़फोड़ करके कर्मचारियों को डराया। उस डर की वजह से आज जल बोर्ड के कर्मचारी काम करने के लिए तैयार नहीं हो रहे हैं।