रणवीर की नई Ferrari ने लूटी महफिल

बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं बल्कि उनकी नई लग्जरी सुपरकार है। रणवीर ने हाल ही में Ferrari 296 GTB खरीदी है, जिसकी कीमत करीब 6.36 करोड़ रुपये बताई जा रही है। काले रंग की यह शानदार स्पोर्ट्स कार मुंबई की सड़कों पर दौड़ती नजर आई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। फैंस अभिनेता की नई फरारी को देखकर काफी उत्साहित हैं और वीडियो पर जमकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
Ferrari 296 GTB अपने दमदार डिजाइन और हाई-परफॉर्मेंस इंजन के लिए दुनिया भर में मशहूर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह प्लग-इन हाइब्रिड सुपरकार 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार महज 2.9 सेकंड में पकड़ सकती है और इसकी टॉप स्पीड करीब 330 किमी प्रति घंटा है। यही वजह है कि यह कार दुनिया की सबसे पसंदीदा लग्जरी स्पोर्ट्स कारों में गिनी जाती है।
रणवीर सिंह पहले से ही लग्जरी कारों के शौकीन माने जाते हैं। उनके कार कलेक्शन में कई हाई-एंड और सुपर लग्जरी वाहन शामिल हैं। Ferrari 296 GTB के शामिल होने से उनका गैरेज और भी शानदार हो गया है। अभिनेता का यह नया अंदाज उनके प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है, वहीं कार प्रेमी भी इस सुपरकार की खूब तारीफ कर रहे हैं।



