उत्तराखंड में 15 हजार परिवारों को मिलेगा पक्का घर, दिसंबर तक लक्ष्य

उत्तराखंड में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U) के तहत हजारों जरूरतमंद परिवारों के पक्के घर का सपना जल्द पूरा होने वाला है। प्रदेश में 18 आवासीय परियोजनाओं के तहत 15,496 मकान बनाए जा रहे हैं। इनमें से करीब 12,948 यानी 84 प्रतिशत आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। सरकार का लक्ष्य दिसंबर तक पात्र परिवारों को इन घरों का लाभ उपलब्ध कराना है।
आवास विभाग ने निर्माणाधीन परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के लिए कार्यदायी संस्थाओं को 30 सितंबर 2026 तक काम पूरा करने की डेडलाइन दी है। अब तक 1,271 मकानों की चाबियां लाभार्थियों को सौंपी जा चुकी हैं। इनमें रुड़की के 768 और हरिद्वार के 503 लाभार्थी शामिल हैं।
सबसे ज्यादा आवास ऊधम सिंह नगर में बनाए जा रहे हैं, जहां 10,200 इकाइयों का निर्माण हो रहा है। इसके अलावा हरिद्वार में 4,528 और नैनीताल में 528 आवासों की परियोजनाएं शामिल हैं। नैनीताल के उम्मेदनगर में सभी 528 मकान तैयार हो चुके हैं।
देहरादून में धौलास हाउसिंग स्कीम के तहत 240 आवास बनाए जा रहे हैं, जिनमें 180 का निर्माण पूरा हो चुका है। सरकार का जोर निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय पर पूरा कर पात्र परिवारों को जल्द आवास उपलब्ध कराने पर है।
मुख्य बातें:
- PMAY-Urban के तहत 15,496 मकान निर्माणाधीन।
- करीब 84% यानी 12,948 आवास तैयार।
- निर्माण पूरा करने की डेडलाइन 30 सितंबर 2026।
- दिसंबर तक 15 हजार से अधिक परिवारों को घर मिलने का लक्ष्य।
- अब तक 1,271 लाभार्थियों को घरों की चाबियां मिल चुकी हैं।
- ऊधम सिंह नगर में सबसे अधिक 10,200 आवास बनाए जा रहे हैं।



