Gold Silver Price: ₹1.68 लाख तक जाएगा सोना, मोतीलाल ओसवाल का बड़ा अनुमान

सोने और चांदी की कीमतों में जारी उतार-चढ़ाव के बीच ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज ने कीमती धातुओं को लेकर अपनी नई रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट में लंबी अवधि के लिहाज से सोने और चांदी का आउटलुक सकारात्मक बताया गया है। मोतीलाल ओसवाल के मुताबिक, सोने की कीमत घरेलू बाजार में 1.68 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है। ऐसे में मौजूदा गिरावट को निवेशकों के लिए खरीदारी का अवसर माना गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, घरेलू बाजार में सोने के लिए 1,35,000 रुपये प्रति 10 ग्राम का स्तर खरीदारी के लिए बेहतर माना गया है। वहीं, शॉर्ट टर्म में 1,48,000 रुपये और मीडियम टर्म में 1,60,000 से 1,68,000 रुपये तक का लक्ष्य दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने के लिए 4,500 से 4,700 डॉलर प्रति औंस का मीडियम टर्म टारगेट रखा गया है।
मोतीलाल ओसवाल का मानना है कि केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीदारी, गोल्ड ETF में निवेश और वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के कारण सोने को लंबी अवधि में समर्थन मिल सकता है। वहीं, चांदी में भी तेजी की संभावनाएं बनी हुई हैं, हालांकि इसमें सोने के मुकाबले अधिक उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ब्याज दरें, महंगाई, डॉलर की चाल और बॉन्ड यील्ड आने वाले समय में सोने-चांदी की कीमतों को प्रभावित करेंगे। ऐसे में निवेशकों को जल्दबाजी में खरीदारी करने के बजाय बाजार की चाल और अपनी जोखिम क्षमता को ध्यान में रखना चाहिए।



